खुरियाल स्टेशन पर यात्रियों ने किया हंगामा
आजमनगर : पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के खुरियाल रेलवे स्टेशन पर 5643 कामख्या-पूरी एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन फेल हो जाने के कारण रविवार की शाम करीब 5.30 बजे से ट्रेन घंटों खड़ी रही. इसके कारण सफर कर रहे यात्रियों को ट्रेन खुलने का घंटों इंतजार करना पड़ा. यात्री जब ट्रेन खुलने में देरी होने की वजह को जानने के लिए स्टेशन प्रबंधक निरंजन कुमार के पास गये तो उनसे कहा गया थोड़ी देर में ट्रेन खुल जायेगी. दो तीन घंटे तक यही कहा जाता रहा. जब यात्रियों का आक्रोश गहराने लगा तब स्टेशन प्रबन्धक ने कहा इंजन फेल होने के कारण ट्रेन खड़ी है. फिर स्टेशन प्रबंधक को और कोपभाजन का शिकार होना पड़ा.
हालांकि यात्रियों ने ये भी बताया कि ट्रेन खड़ी रहने के दौरान तक जो ड्यूटी में थे. उनका व्यवहार यात्रियों संग संतोषजनक नहीं रहा. कामख्या पूरी ट्रेन खड़ी रहने की वजह से सूत्रों ने बताया कि कुछ यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधक के कार्य से असंतोष हो कर हंगामा शुरू कर दिया. कुछ प्रबुद्ध यात्रियों के समझाने के बाद हंगामा शांत हुआ. इस दौरान अन्य कई स्टेशन पर सवारी व एक्सप्रेस ट्रेनें खड़ी रहीं. ट्रेन लगभग 9 बजे रात में खुली. इंजन फेल होने से उत्पन्न हुई समस्या और हंगामे की सूचना के संदर्भ में निरंजन कुमार ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया.
