कटिहार : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाये जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 85 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. अभियान के दौरान अलग-अलग मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ नशीले पदार्थ, शराब और नकदी भी बरामद की गयी.
पुलिस के अनुसार थाना में दर्ज विभिन्न कांडों में 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. वहीं शराब से जुड़े मामलों में 11, एनडीपीसी अधिनियम के तहत तीन, दुष्कर्म एवं पॉक्सो अधिनियम के मामलों में दो तथा आर्म्स एक्ट के एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया.
गांजा, शराब और नकदी बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने 1.930 किलोग्राम गांजा, 4 लाख 57 हजार 800 रुपये नकद, एक साइकिल, एक मोबाइल फोन और 70 लीटर देसी शराब जब्त की. पुलिस ने विभिन्न मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
वाहन जांच में 1.38 लाख रुपये जुर्माना
विशेष अभियान के तहत जिलेभर में सघन वाहन जांच भी चलायी गयी. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 1 लाख 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.
