मनिहारी : जिला प्रभारी सचिव संजीव कुमार सिन्हा ने डीएम ललन जी के साथ स्टीमर से मनिहारी और अमदाबाद क्षेत्र के कटाव और बाढ़ का निरीक्षण शुक्रवार को किया. साथ ही जनप्रतिनिधियों से कटाव और उससे विस्थापित हुए लोगों के बारे में जानकारी ली. प्रभारी सचिव और डीएम ने निरीक्षण के दौरान एसडीओ एवं सीओ को कइ आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये. डीएम ने कहा कि पीडितों के बीच पौलीथीन का वितरण कराया गया है. इसके अलावा कटाव पीड़ित जिस सुरक्षित स्थल पर रह रहे हैं. वहां चापाकल लगाया गया है.
मोबाइल मेडिकल टीम और पशु चिकित्सक को भी भेजे जा रहे हैं. जिला प्रभारी सचिव और डीएम ने आवश्यकतानुसार नाव परिचालन शुरू कराने का भी निर्देश दिया. जिला प्रभारी सचिव और डीएम ने अमदाबाद के हरदेव टोला, मेघू टोला, झब्बू टोला, सुबेदार टोला, धन्नी टोला, खट्टी, प्राथमिक विद्यालय किशनपूर खट्टी स्कूल, मवि झब्बू टोला आदि कटाव स्थल को देखा. मौके पर डीडीसी मुकेश पांडे, एडीएम जफर रकीब, एसडीओ अरूण कुमार सिंह, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दिनेश चंद्र मंडल, सीओ चंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत चौधरी, अमदाबाद बीडीओ रंधीर कुमार, सीओ कुमार रवीन्द्र नाथ, अमदाबाद प्रखंड प्रमुख गोपाल प्रसाद सिंह, पूर्व प्रमुख मंसूर आलम, अमदाबाद बीस सूत्री अध्यक्ष राजू साह, मुखिया श्रवण श्राफ, तरून मंडल, मुसाफिर आलम मौजूद थे.
आधा दर्जन पंचायतें बाढ़ की चपेट में
बलिया बेलौन. महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी है. महानंदा नदी के किनारे बसा शेखपुरा, तैयबपुर, शिकारपुर, भौनगर पंचायतों की आधी आबादी बाढ़ में चपेट में आ जाने से लोग सुरक्षित स्थानों की तरफ पलायन कर रहे हैं. शेखपुरा मुखिया प्रतिनिधि एकबाल हुसैन ने कहा कि बाढ़ की भयावह स्थिति उत्पन्न हो गयी है. सरकारी स्तर पर अब तक नाव की व्यवस्था नहीं किये जाने से लोग परेशान हैं.
आप के जिला संयोजक डॉ एमआर हक ने प्रशासन से जान माल की रक्षा का उपाय करने की मांग की है. प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सनोवर ने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. बेलौन मुखिया मेराज आलम ने बाढ़ से क्षति की आंकलन करने की मांग की है.
