हालात . तेज धूप व गरमी से परेशान रहे लोग
तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गयी है. तेज धूप व गरमी की वजह से लोग घर में दुबकने को विवश हो गये, जबकि दोपहर में सड़कों पर अन्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़-भाड़ देखने को मिली.
कटिहार : जिले का तापमान एक बार फिर बढ़ गया है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गयी है. तेज धूप व गरमी की वजह से लोग घर में दुबकने को विवश हो गये, जबकि दोपहर में सड़कों पर अन्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़-भाड़ देखने को मिली. हाल के एक सप्ताह से धूप व गरमी से लोगों को राहत मिली थी,
लेकिन मंगलवार को फिर से तेज धूप व गरमी ने लोगों को परेशान कर दिया.
गौरतलब हो कि अप्रैल में जिले का तापमान 42 डिग्री तक चला गया था. उस समय लोगों का जीना मुहाल हो गया था. तेज धूप के साथ गरम हवा के थपेड़ों से लोग काफी दिनों तक परेशान रहे थे. इसके बाद मई के प्रथम सप्ताह से लोगों को गरमी व धूप से राहत मिली थी.
एक बार फिर धूप व गरमी ने स्कूली बच्चों को परेशान करना शुरू कर दिया है. वही फुटपाथ पर दुकान करने वाले लोगों की भी परेशानी बढ़ गयी है. गरमी से लोग बीमार हो रहे हैं. शहर में आने वाले लोग छांव की तलाश करते आपको मिल जायेंगे. दरअसल शहर में पेड़, पौधों की कमी की वजह से छांव भी बड़ी मुश्किल से मिल पाती है. गरमी बढ़ने के साथ ही लस्सी, कोलड्रिंक्स, तरबूज, गन्ने का जूस, बेल व आम का शरबत, सत्तू आदि की बिक्री में इजाफा हो गया है. धूप से बचने के लिए लोग छाता, चश्मा, गमछा आदि का इस्तेमाल करने को विवश हुए हैं.
