कटिहार : कटिहार-पूर्णिया मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विद्या बिहार स्कूल के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों के मदद से घायलों को कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भरती कराया गया. सोनू पिता प्रदीप रजक कदेपुरा निवासी, अनुज पिता मनोज रजक, कौशल पिता गोपाल यादव के साथ कटिहार गया था. कटिहार से घर लौटने के क्रम में सोनू की मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया.
धक्का लगते ही मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी. इसमें चालक सोनू सहित सवार दोनों लड़के भी गंभीर रूप से घायल हो गये. एक घायल की गंभीर स्थिति को देख उसे सिल्लीगुड़ी रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल पुलिस कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचीं और घायल का बयान लिया.
