कटिहार स्टेशन : यात्रियों की सुरक्षा रहती है भगवान भरोसे

कटिहार : कटिहार रेल स्टेशन को ए श्रेणी का दर्जा प्राप्त है. यहां सुरक्षा एवं संरक्षा की दृष्टि से वो सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जो ए श्रेणी के देश के अन्य स्टेशनों में होती है. यात्रियों के स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पूर्व उसके सामानों […]

कटिहार : कटिहार रेल स्टेशन को ए श्रेणी का दर्जा प्राप्त है. यहां सुरक्षा एवं संरक्षा की दृष्टि से वो सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जो ए श्रेणी के देश के अन्य स्टेशनों में होती है.
यात्रियों के स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पूर्व उसके सामानों की जांच करने के लिए स्टेशन पर स्कैनर लगे हैं. हालांकि यहां पर तैनात सुरक्षा बलों की लापरवाही से कभी भी कटिहार रेल स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में आपराधिक तत्व बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं. रविवार की सुबह जब प्रभात खबर की टीम कटिहार रेल स्टेशन पर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंची, तो स्टेशन के प्रवेश द्वारों पर लगे सामान की जांच करने वाली मशीन(स्कैनर) के समीप ना तो कोई सुरक्षा बल तैनात दिखा, और न ही यात्रियों के समानों की जांच की जा रही थी. इक्के-दुक्के सुरक्षा बल मशीन से दूर बातचीत में लगे थे.
लाखों की मशीन, पर नहीं होती जांच: कटिहार रेल स्टेशन परिसर में दोनों ओर सुरक्षा के दृष्टिकोण से समानों की जांच करने वाली मशीन लगायी गयी है. दोनों ही जगहों पर रेलवे सुरक्षा बल ड्यूटी पर तैनात भी किये जाते हैं, लेकिन तैनात सुरक्षा बलों की लापरवाही किसी से छिपी नहीं है.
कई बार ऐसा देखा जाता है कि यात्रियों के सामान की जांच किये बिना सुरक्षा बल उसे सीधे स्टेशन परिसर में जाने देते हैं. यात्री अगर अपनी सामान स्वेच्छा से जांच मशीन में दें तो ही उसके सामानों की जांच होती है.
सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्टेशन: देश में कटिहार रेल मंडल सुरक्षा के दृष्टिकोण से सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक माना जाता है. हाई अलर्ट जैसे घोषणाओं पर इस स्टेशन पर कई बार आनन-फानन में सुरक्षा बलों को तैनात किया जाता है, लेकिन सुरक्षा बलों की लापरवाही की वजह से कटिहार रेल मंडल में कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है. इससे इनकार नहीं किया जा सकता है.
नहीं निभाते हैं सुरक्षा बल अपनी ड्यूटी: रेलवे स्टेशन पर खड़ी रेलगाडि़यों में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा अवैध वसूली की जाती है. रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की नजर रेल बोगियों के शौचालयों एवं सीट के नीचे रखे सब्जियों के बोरे एवं बड़े कार्टूनों पर रहती है, लेकिन उनकी नजर किसी ऐसे आपराधिक तत्वों पर सामान्यतया नहीं होती है, जो अपराध करने की मंशा रखते हों. इससे जब अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे देते हैं, तब पुलिस हाथ-पांव चलाती नजर आती है.
मॉडल स्टेशन बिल्डिंग पर लगी मशीन का भी हाल एक सामान: कटिहार रेलवे स्टेशन के मुख्य बिल्डिंग एवं मॉडल स्टेशन बिल्डिंग में रेल यात्रियों के समानों की जांच के लिए मशीन लगायी गयी है. मुख्य बिल्डिंग पर लगी मशीन की स्थिति भी वही है, जो मॉडल स्टेशन बिल्डिंग में लगी मशीन की है. मॉडल स्टेशन बिल्डिंग में भी सुरक्षा बल जांच करने वाली मशीन से दूर टहलते नजर आते हैं.
होगी कार्रवाई: वहीं आरपीएफ इंस्पेक्टर इंद्रासन सिंह ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर समानों की जांच के लिए स्केनिंग मशीन लगायी गयी है. यदि स्केनिंग मशीन पर ड्यूटी में तैनात जवान गायब रहते हैं, तो कार्रवाई होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >