हादसा. पिकअप व ऑटो में हुई टक्कर
बारसोई/आजमनगर : बारसोई-सालमारी पथ पर शिवरामपुर चौक के निकट मंगलवार को दिन के एक बजे पिकअप वैन व ऑटो की टक्कर हो गयी. इसमें ऑटो पर सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी तथा चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गेहूं लदे पिकअप वैन में आग लगा दी.
इस दौरान पिकअप वैन के चालक को भगा देने के आरोप में ग्रामीणों ने सालमारी ओपी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की. घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रिका प्रसाद चार थाना के पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजपति सिंह उर्फ सिकंदर प्रसाद सिंह, ग्राम चौंदी थाना बारसोई का निवासी है. वे अपनी पत्नी व परिजनों के साथ रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप वैन ने ओवर टेक करने में ऑटो में टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो पर सवार महिला मिनती देवी पति निमाई दास साकिन चौंदी का दोनों पैर टूट गया.
घायल खुशी कुमारी (6) पिता सुबोल दास का भी इलाज सालमारी के निजी चिकित्सालय में जारी है. अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है. वहीं मृतक राजपति की पत्नी घटनास्थल पर चीत्कार कर रही थी. यह देख मौके पर मौजूद सभी लोगों की आंख नम थी.
घटनास्थल पर बारसोई, आबादपुर, सालामारी, आजमनगर एवं बलिया बेलौन के थानाध्यक्ष के साथ-साथ डीसीएलआर संजय कुमार सिंह भी पहुंचे. घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ फिरोज अख्तर के निर्देश पर पिकअप वैन में लगी आग को बुझाने के लिए अग्नि शामक वाहन को भेजा गया. इसके बाद आग पर नियंत्रण पाया गया. पुलिस ने मृतक के शव को सालमारी ओपी लाया, और पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया.
