कटिहार बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के निर्देशानुसार जिला एड्स बचाव नियंत्रण इकाई द्वारा बुधवार को कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर में एकाकृत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य रेलवे स्टेशन से जुड़े कर्मियों व आम यात्रियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा विभिन्न बीमारियों की समय पर जांच सुनिश्चित करना था. शिविर का उद्घाटन सीडीओ डॉ अशरफ रिजवी व कटिहार रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर सुमित ठाकुर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. कहा, ऐसे शिविरों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है. गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो पाती है. शिविर में बीपी, शुगर, एचआईवी, एसटीआई व टीबी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गयी. विशेष रूप से रेलवे स्टेशन परिसर में ऑटो स्टैंड के चालक, कुली, वेंडर तथा रेल यात्रियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. कुल 235 लोगों की जांच की गयी. दो व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव संदिग्ध पाये गये. दोनों को आगे की पुष्टि जांच एवं परामर्श के लिए संबंधित केंद्र पर रेफर किया है. जिला एड्स बचाव नियंत्रण इकाई के डीपीएम शोनिक प्रकाश ने बताया कि विभाग का उद्देश्य जोखिम समूहों के बीच नियमित जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना है. ताकि संक्रमण की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके. एचआईवी की जांच पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है. जरूरतमंदों को निःशुल्क दवा एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. शिविर के सफल संचालन में मिथिलेश ठाकुर, प्रभाकर लाल दास, राहुल कुमार, अश्विनी झा, अशोक कुमार, नवीन कुमार, कुमुद कुमार, जितेंद्र महाराज, इंद्रजीत, रूबी कुमारी, उपेंद्र कुमार ने अहम भूमिका निभायी.
स्टेशन परिसर में शिविर में 235 लोगों की हुई जांच
स्टेशन परिसर में शिविर में 235 लोगों की हुई जांच
