मामले को शासन ने गंभीरता से लिया, प्रतिनियुक्ति पर जाने से रोका
कटिहार : डीएम व एसपी सहित अन्य पदाधिकारियों के स्थानांतरण पर गोल्फ मैदान में मंगलवार को आयोजित फेयरवेल पार्टी में शोले फिल्म का गाना ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे की धुन पर कटिहार एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन ने अति उत्साह में हर्ष फायरिंग करते हुए अपनी पिस्टल की मैगजीन खाली कर दी. करीब छह राउंड गाेली उन्होंने फायर की. हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होते ही मामले को संज्ञान में लेते हुए पटना मुख्यालय ने उनकी सीबीआइ में प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी व शोकॉज पूछा है. एडीजी ने मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज कराने की भी बात कही है. बता दें कि सूबे में बड़ी संख्या में आइएएस,
आइपीएस व बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का तबादला किया गया है. इनमें कटिहार के डीएम मिथिलेश मिश्र, एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन, एसडीपीओ लाल बाबू यादव, एसडीओ मनिहारी अरुण सिंह, एसडीओ बारसोई का भी स्थानांतरण किया गया है. ट्रांसफर होने के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने कटिहार के गौशाला स्थित रेलवे गोल्फ मैदान में मंगलवार को फेयरवेल पार्टी दी थी. पार्टी में स्थानांतरित डीएम, एसपी, एसडीपीओ, एसडीओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे.
एडीजी ने जांच का दिया निर्देश
फेयरवेल पार्टी में गीत-संगीत का भी कार्यक्रम हुआ. फेयरवेल पार्टी को लेकर एसपी डॉ जैन में खासे उत्साहित थे, क्योंकि वह काफी दिनों से अपने स्थानांतरण के लिए प्रयासरत थे. मंगलवार को फेयरवेल पार्टी में अधिकारियों के संबोधन के बाद यह दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे गाने पर डीएम व एसपी भी झूम रहे थे. इसी दौरान अति उत्साह में एसपी ने पिस्टल निकाली और फायरिंग करते हुए पूरी मैगजीन खाली कर दी. हालांकि यह उत्साह एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन पर भारी पड़ गया. सोशल मीडिया व न्यूज चैनलों पर यह वीडियो वायरल होते ही जिले से लेकर पटना तक हड़कंप मच गया. पटना मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ जैन की सीबीआइ में प्रतिनियुक्ति रद्द करते हुए उनसे शोकॉज पूछा है. एडीजी एसके सिंघल ने एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन के सेंट्रल डेपुटेशन (सीबीआइ) में प्रतिनियुक्ति को रद्द कर उन्हें पटना बुला लिया है. एडीजे ने अपने बयान में स्पष्ट कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है. अगर कोई कानून तोड़ता है, तो उसके विरुद्ध विधि संवत कार्रवाई की जायेगी. एडीजी ने मामले की जांच का निर्देश दे दिया है. जांच के बाद मामले में एसपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की भी बात कही गयी है.
