बाटा चौक से गर्ल्स स्कूल मोड़ तक पुलिस गस्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग
कटिहार : नार्थ ईस्टर्न बिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में शुक्रवार को शहर के सोना-चांदी के व्यापारियों के साथ चेंबर पदाधिकारी ने एक आवश्यक बैठक की. जिसकी अध्यक्षता चेंबर उपाध्यक्ष भुवन अग्रवाल ने की. पिछले दिनों शहर के बाटा चौक स्थित विनय गुप्ता के हीरा पन्ना ज्वेलर्स दुकान में हुई लूट कांड की घोर निंदा की गयी. बैठक में शामिल चेंबर पदाधिकारी एवं स्वर्णकार संघ ने घटना में शामिल अपराधी के सहकर्मी को गिरफ्तार करने की मांग एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन से की. इसके अलावा लूटे गये जेवरात की शीघ्र बरामदगी करने की बात बैठक में सर्वसम्मति से रखी गयी.
बैठक में कुली पाड़ा चौक पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा हटाने की व्यवस्था तथा बाटा चौक से गर्ल्स स्कूल मोड़ तक पुलिस गस्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गयी. इस मौके पर स्वर्णकार संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रेम नाथ प्रसाद, स्वर्ण व्यवसाई नंद कुमार गुप्ता, रितेश गुप्ता, अंकित गुप्ता, सियाराम एवं दिनेश साह ने मुख्य रुप से भाग लिया. चेंबर की ओर से सचिव अनिल यादूका, उपाध्यक्ष विजय शर्मा एवं गणेश प्रसाद चौरसिया, कोषाध्यक्ष मनोज सिन्हा, सचिव संजीव महेशवरी, पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार चमरिया, अधिवक्ता विजय अग्रवाल, जगदीश आदि मौजूद थे.
