Kanhauli-Sherpur Ring Road: पटना में कई सारे रोड प्रोजेक्ट्स पर काम किए जा रहे हैं. इन्हीं में से एक है कन्हौली-शेरपुर रिंग रोड. कन्हौली-शेरपुर के बीच पटना रिंग रोड का निर्माण होने वाला है. इसके बन जाने से पूरे इलाके की सूरत बदलने वाली है. रिंग रोड के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण में रैयतों को मुआवजा भुगतान भी शुरू हो गया है.
रैयतों के बीच बांटे गए करोड़ों रुपये
जानकारी के मुताबिक, बिहटा अंचल के चार मौजा में 36 रैयतों के बीच 3.38 एकड़ जमीन का 12.52 करोड़ मुआवजा बंट गया है. इसमें पैनाल में 6 रैयतों को 3.36 करोड़, कन्हौली में 21 रैयतों को 7.68 करोड़, परखोतिमपुर पैनाठी में 6 रैयतों को 1.20 करोड़ और मुस्तफापुर मौजा के तीन रैयतों को 28 लाख रुपये दिए गए हैं.
कितने एकड़ जमीन का किया जाएगा अधिग्रहण?
कन्हौली-शेरपुर रिंग रोड के लिए 177 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है. इसमें 173.94 एकड़ जमीन बिहटा और मनेर अंचल के रैयतों का है. इसके लिए 247.79 करोड़ रुपये मुआवजा बंटेगा. बिहटा और मनेर अंचल में मुआवजा को लेकर अभी तक मात्र 88 रैयतों ने आवेदन दिया है. बिहटा और मनेर अंचल में 912 अलग-अलग रैयतों की जमीन का अधिग्रहण होना है. रैयतों की ओर से सौंपी गई जमीन के कागजात की जांच जारी है.
एनएचएआई करेगा 127 करोड़ भुगतान
सूत्र ने बताया कि रिंग रोड के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण में कुल 252.76 करोड़ मुआवजा दिया जाना है. इसमें 127 करोड़ एनएचएआई और पथ निर्माण विभाग 127 करोड़ देगा. कन्हौली-शेरपुर के बीच सड़क निर्माण के लिए बिहटा अंचल में 71 एकड़ और मनेर अंचल में 105 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है. जमीन अधिग्रहण में रैयतों को मुआवजा वितरण होने पर सितंबर-अक्तूबर से रिंग रोड के निर्माण शुरू होने की संभावना है.
इन जगहों पर किया जाएगा जमीन अधिग्रहण
बिहटा अंचल में रैयतों के बीच 184 करोड़ और मनेर अंचल में रैयतों के बीच 63 करोड़ मुआवजा बंटेगा. जमीन अधिग्रहण बिहटा अंचल के पैनाल, कन्हौली, परखोतिमपुर पैनाठी, मुस्तफापुर और हीरामनपुर जबकि मनेर अंचल के मुस्तफापुर मौली, रसूलपुर बिजयगोपाल, हरशंकरपुर नरहन्ना, रसूलपुर बिजयगोपाल मिलकी, बलुआ और संतर गांव में होगा.
