Kaimur News : रामपुर प्रखंड के बेलांव पंचायत सरकार भवन में गुरुवार को स्थानांतरित बीडीओ दृष्टि पाठक की विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की सबसे खास बात उनकी हाथी पर बैठाकर की गयी विदाई रही. इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. वहीं नव पदस्थापित बीडीओ ऋतुरंजन कुमार का फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया.
नए बीडीओ ने संभाला कार्यभार
कार्यक्रम की शुरुआत दृष्टि पाठक द्वारा अपना कार्यभार ऋतुरंजन कुमार को सौंपने से हुई. पदभार ग्रहण करने के बाद नए बीडीओ ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से समय पर कार्यालय आने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की अपील की.
सम्मानित कर दी गयी भावभीनी विदाई
समारोह में प्रखंड प्रमुख घूरा सिंह यादव, सीओ अनु कुमारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. सभी ने दृष्टि पाठक के लगभग तीन वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस अवसर पर उन्हें शॉल, मोमेंटो, मां मुंडेश्वरी की प्रतिमा, करमचट डैम का स्मृति-चिह्न, बैग, अटैची, डायरी, पेन और फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया.
हाथी पर विदाई बनी चर्चा का विषय
समारोह के अंत में दृष्टि पाठक को हाथी पर बैठाकर जुलूस के रूप में विदाई दी गयी. उन्होंने हाथी को गुड़ और केला खिलाकर स्नेह व्यक्त किया. इसके बाद फूलों से सजी स्कॉर्पियो से उनकी विदाई हुई. हाथी पर विदाई का यह अनोखा दृश्य पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा.
