नुआंव. गुरुवार की देर शाम दरौली पोखरे के समीप धान की कसाई करने जा रहे दो मजदूर ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें रामगढ़ रेफरल अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम मुशिया गांव के रहने वाले विजय राम पिता स्वर्गीय रामकृत राम व छांगुर राम पिता दुखी राम दोनों लोग गांव के एक खलिहान में बोरी में धान एकत्रित करने जा रहे थे. इसी दौरान दरौली पोखरा के समीप एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना होते देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को निजी वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया. इधर, भभुआ पहुंचे एक घायल को चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया है. खबर लिखे जाने तक घायल पीड़ित के परिजनों द्वारा थाने में गांव के एक लोग के विरुद्ध प्राथमिकी के लिए आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
