दुखद. भभुआ रोड स्टेशन के पूरब बरेज गांव के पास रेलवे लाइन पार करते समय हुआ बड़ा हादसा खेत पर जाने के दौरान दो बेटों की मौत से गमगीन हुआ पूरा इलाका गांव में पसरा मातम बरेज गांव के रहने वाले थे दोनों मृतक भाई, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल मोहनिया शहर. गया-डीडीयू मंडल स्थित भभुआ रोड स्टेशन के पूरब बरेज गांव के पास मंगलवार की अहले सुबह ट्रेन के चपेट में आने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया गया. मृतक बरेज गांव निवासी मदन साह के 24 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार व 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार बताये जाते हैं. जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह दोनों भाई घर से रेलवे लाइन क्राॅस कर खेत पर जा रहे थे, तभी पोल संख्या 66/30-66/31 के बीच ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घना कोहरा होने के कारण उन्हें ट्रेन के आने का आभास नहीं हो सका और वे ट्रेन की चपेट में आ गये. इधर, आसपास के लोगों ने जैसे ही दुर्घटना होते देखा, तो परिजनों को सूचना देते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना पर मोहनिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. गया-डीडीयू मंडल के भभुआ रोड स्टेशन के पूरब बरेज गांव के पास दुर्घटना में दो सगे भाइयों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. बताया जाता है की गांव की बगल से ही रेलवे लाइन गुजरी है, ऐसे में रेलवे लाइन के किनारे व रेलवे लाइन के उस पार काफी खेती बरेज के लोग की है. ऐसे में बताया जाता है की मंगलवार की सुबह मार्च महीने में भी काफी कोहरा था, जिसके कारण रेलवे लाइन क्रॉस कर खेत पर जाने के दौरान दोनों भाई ट्रेन की चपेट में आ गये, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. # एक साथ दो सगे भाइयों की उठी अर्थी, रोया पूरा गांव मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत के बाद एक साथ दोनों भाई की अर्थी गांव से उठी, जिसे देख सभी की आंखें नम हो गयी थी. बताया जाता है की मृतक चार भाई हैं. इनमें सबसे बड़े भाई जितेंद्र कुमार पंजाब में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि सबसे छोटा भाई राजकुमार घर पर ही रहकर पढ़ाई करता है. जबकि, दोनों भाई मृतक प्रिंस ओर रोहित बरेज गांव के पुल के नीचे अंडा रोल की दुकान चलाते थे. गांव के लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों में काफी प्रेम था और वे अक्सर साथ ही रहते थे और बाजार भी साथ ही जाते थे. दोनों की शादी अभी नहीं हुई थी, ऐसे में एक साथ दो सगे पुत्र की मौत के बाद मां उर्मिला देवी रो-रो कर बेहोश हो जा रही थी. लोग सांत्वना देने में लगे रहे. घटना की सूचना पर काफी लोगों की भीड़ जुटी रही. # क्या कहते हैं थानाध्यक्ष इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया ट्रेन की चपेट में आने से बरेज गांव के दो सगे भाइयों की मौत हो गयी है, जिनके शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया गया है.
घने कोहरे के कारण ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत
भभुआ रोड स्टेशन के पूरब बरेज गांव के पास रेलवे लाइन पार करते समय हुआ बड़ा हादसा
