आज नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की होगी शुरुआत

बाजार में खरीदारों की बढ़ने लगी भीड़= चार दिवसीय अनुष्ठान में कल होगा खरना, तैयारी जोरों पर

बाजार में खरीदारों की बढ़ने लगी भीड़ = चार दिवसीय अनुष्ठान में कल होगा खरना, तैयारी जोरों पर भभुआ सदर. काफी पवित्रता पूर्वक मनाये जाने वाले सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा की तैयारी शुरू हो गयी है. चार दिवसीय छठ पूजा का अनुष्ठान शनिवार यानी आज से नहाय-खाय के साथ शुरू हो जायेगा. आज व्रतियों द्वारा स्थानीय नदी, तालाब में स्नान व पूजा पाठ कर सपरिवार कद्दू-भात ग्रहण करेंगी. रविवार 26 अक्तूबर को खरना अनुष्ठान किया जायेगा. इस दौरान व्रतियों द्वारा भगवान भास्कर को खीर-पूरी व केला का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करेंगी. जबकि, सोमवार 27 अक्तूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध अर्पण किया जायेगा और फिर मंगलवार 28 अक्तूबर को व्रतियों द्वारा उगते सूर्य को अर्ध अर्पण किया जायेगा. इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा. इधर, आज से शुरू हो रहे कार्तिक छठ को लेकर स्थानीय स्तर पर चहल-पहल शुरू हो गयी है. शनिवार आज नहाय खाय के साथ शुरू होने वाले छठ महापर्व को लेकर खरीदारी के लिए स्थानीय बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है. चाहे फल बाजार हो या किराना व कपड़े की दुकान, यहां लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है. इन सब से अलग सड़क किनारे बास के सामानों में सूप, टोकरी, डगरा, कोनिया आदि की बिक्री भी जोरों पर हो रही है. = घर लौटने लगे परदेशी इधर, छठ पूजा और आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करने को लेकर महानगरों से लोग अपने-अपने गांव लौटने लगे हैं. स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वालों की भारी भीड़ देखी जा रही है. यही हाल स्थानीय बस स्टैंड पर भी देखा जा रहा है. भाड़े के अन्य वाहनों में भी लोगों की अच्छी भीड़ देखी जा रही है. खासकर, दूर गुजरात, दिल्ली आदि से गाड़ियों में बगैर आरक्षण के भारी परेशानियों का सामना कर अपने गांव घर पहुंचने वालों के चेहरे पर हर्ष देखा जा रहा है. = तालाब घाट की सफाई में जुटे लोग छठ पूजा को लेकर स्थानीय तालाब घाट की साफ-सफाई में व्रतियों के परिजन मुस्तैदी के साथ जुट गये है. स्थानीय स्तर पर छठ पूजा समिति द्वारा भी तालाब घाट की सफाई के अलावा भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना शुरू कर दी गयी है. शहर के सुवरन नदी सहित राजेंद्र सरोवर, चमनलाल तालाब, पूरब पोखरा, पंडाजी पोखरा, नागा बाबा पोखरा सहित अन्य तालाब घाट की सफाई के साथ भव्य पंडाल का निर्माण जोरों से चल रहा है. घाट पर लाइट व लाउडस्पीकर की व्यवस्था छठ पूजा समिति द्वारा की जा रही है. वहीं, राजेंद्र सरोवर पर समिति द्वारा भगवान भास्कर की प्रतिमा भी स्थापित की जायेगी. = नदी व तालाबों की सफाई में जुटी नगर पर्षद इधर, महापर्व छठ को लेकर नगर पर्षद द्वारा भी विभिन्न नदी व तालाबों की साफ सफाई में तेजी लायी जा रही हैं. नप के कर्मियों ने शुक्रवार को सुवरन नदी स्थित कंचन नगर, पटेल कॉलेज के पीछे, नदी पुल सहित अन्य छठ घाटों पर सफाई अभियान चलाते हुए पानी के अंदर उगे घास व काई हटाया, इसके अलावा छठ घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड का मरम्मत कार्य कराते हुए प्रकाश की व्यवस्था भी नप द्वारा की जा रही हैं. = रात 10 से सुबह छह बजे तक साउंड बजाने पर रोक बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर छठ महापर्व पर जिला प्रशासन द्वारा भी काफी एहतियात बरती जा रही है. डीएम सुनील कुमार ने छठ घाटों पर साफ सफाई के अलावा छठ व्रतियों को किसी प्रकार का कष्ट ना पहुंचे, इसका ख्याल रखने का निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों व नगर पर्षद को दिया हैं. वहीं, एसपी हरिमोहन शुक्ल ने खतरनाक छठ घाटों को चिह्नित करने सहित सभी थानों को अपने अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर निगाह रखने का निर्देश देते हुए छठ घाटों पर पुलिस जवानों के साथ अधिकारियों को तैनात करने का आदेश जारी किया है. इसके अलावा प्रशासन ने शहर में रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक डीजे सहित अन्य साउंड बजाने पर पाबंदी लगा दी है. प्रशासन के निर्देशानुसार, शहर में छठ पर्व पर डीजे संचालक डीजे नहीं बजायेंगे, बल्कि उसकी जगह पर 80 डेसीबल से कम साउंड का प्रयोग करते हुए लाउडस्पीकर का प्रयोग करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >