भभुआ नगर. कलेक्ट्रेट परिसर में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाया गया है. इस पहल का उद्देश्य आम लोगों में मतदान के प्रति उत्साह और जागरूकता बढ़ाना है. सेल्फी पॉइंट पर जिले के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आगंतुक नागरिक भी बड़ी उत्सुकता के साथ अपनी-अपनी तस्वीरें ले रहे हैं और सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं. इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि यह पहल सशक्त लोकतंत्र सक्रिय मतदाता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए की गयी है. मतदाता जागरूकता अभियान के इस रचनात्मक प्रयास से युवा वर्ग विशेष रूप से आकर्षित हो रहे हैं. कलेक्ट्रेट आने वाले कर्मचारी व अधिकारी भी इस मौके का भरपूर लाभ उठा रहे हैं और दूसरों को मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
