Kaimur News : हथियार के बल पर 40 हजार लूट मामले का मुख्य सरगना हुआ गिरफ्तार

13 मार्च को भभुआ थाना क्षेत्र के चांदोरुईया गांव स्थित छावनी के समीप बाइक सवार एक व्यक्ति से कट्टे के बल पर हुए लूट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल रहे मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है.

भभुआ सदर. 13 मार्च को भभुआ थाना क्षेत्र के चांदोरुईया गांव स्थित छावनी के समीप बाइक सवार एक व्यक्ति से कट्टे के बल पर हुए लूट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल रहे मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है. धराये बदमाश के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कट्टा, एक कारतूस सहित नीले कलर की एक बाइक व लूटे गये दो हजार रुपये व मोबाइल बरामद किया है. धराया बदमाश भेकास गांव निवासी रंगलाल पासवान का 19 वर्षीय बेटा अमित पासवान उर्फ अनन्त भास्कर बताया जाता है. लूट की घटना में तीन बदमाश शामिल थे, जिसमें से भभुआ थाने की पुलिस ने घटना के चंद घंटे बाद ही एक नाबालिग सहित भेकास गांव निवासी जोगी बिंद के 20 वर्षीय बेटे अभिषेक कुमार उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया था. भभुआ एसडीपीओ शिवशंकर कुमार ने रविवार को थाने में प्रेसवार्ता कर बताया कि 13 मार्च को कोहारी निवासी मुख्तार हाशमी के बेटे वकील हाशमी के साथ बकरी खरीदने जाने के दौरान चांदोरुईया गांव स्थित छावनी के समीप बाइक से रहे तीन बदमाशों ने कट्टे के बल पर 40 हजार रुपये की लूट कर ली और भाग निकले. पीड़ित द्वारा भभुआ थाने में की गयी शिकायत पर तत्काल ही मामला दर्ज कर लिया गया और घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरिमोहन शुक्ला द्वारा एसडीपीओ भभुआ के नेतृत्व में एक एसआइटी का गठन किया गया. एसआइटी टीम में एसडीपीओ के अलावा भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार सहित डीआइयू की टीम व सशस्त्र बल शामिल थे. टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट में शामिल किशोर व भेकास गांव निवासी अभिषेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन लूट की घटना को अंजाम देनेवाला बदमाश फरार था, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, एक कट्टा, एक कारतूस व मोबाइल के अलावा लूट के दो हजार रुपये बरामद किये गये हैं. एसडीपीओ ने बताया कि धराया मुख्य सरगना अमित पासवान और अभिषेक उर्फ विक्की पूर्व में भी चोरी आदि में जेल जा चुका है. = होली में नये कपड़े और डीजे बुक करने के लिए दिया घटना को अंजाम एसडीपीओ ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देनेवाले मुख्य सरगना अमित पासवान ने पूछताछ के दौरान बताया कि उनके पास रुपये नहीं थे, जिसके चलते उसने होली पर्व पर नये कपड़े खरीदने व डीजे बुक करने के लिए इस लूट की घटना को अंजाम दिया था. इसके लिए उसने ब्रजेश नामक युवक से कट्टा लिया था और घटना को अंजाम देने के लिए अपने गांव के एक नाबालिग सहित अभिषेक कुमार को शामिल किया था. इसी बीच 40 हजार रुपये लेकर बकरी खरीदने जा रहे कोहारी निवासी वकील हाशमी का बाइक सवार रहे तीनों बदमाशों ने कुंज गांव से उनका पीछा करते हुए चांदोरुईया गांव के समीप रोक लिया और फिर कट्टे के बल पर उससे 40 हजार रुपये लूटकर भाग निकले थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRABHANJAY KUMAR

PRABHANJAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >