सिरहीरा पंचायत के वार्ड चार की गलियों में लगा गंदगी का अंबार चांद. प्रखंड के अंतर्गत सिरहीरा पंचायत के वार्ड चार की गलियों में पिछले 10 दिनों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. इस जलजमाव के चलते स्थानीय लोग काफी परेशान हैं. लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मियों का चयन तो किया गया है, परंतु वे कई महीनों से लापता हैं. यही स्थिति प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में भी बनी हुई है. अभियान के तहत कचरा उठाव के लिए घरों में डब्बे दिये गये हैं व गाड़ियों की व्यवस्था भी की गयी है. शुरुआत में सफाई कर्मियों ने काफी सक्रिय होकर कार्य किया, परंतु लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनमें निराशा होती गयी. इसी का परिणाम है कि कुछ महीनों पर मानदेय तो मिल जाता है, लेकिन न तो घरों से कचरा उठाव हो रहा है और न ही गलियों की साफ-सफाई की जा रही है. गलियों की स्थिति इतनी खराब हो गयी कि परेशान होकर ग्रामीणों ने खुद सामूहिक रूप से मिलकर सफाई का कार्य किये. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कई घरों का पानी बहता है, लोग पानी तो बहायेंगे लेकिन नाली साफ नहीं करेंगे. इस अव्यवस्था के चलते बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है. यदि जल्द ही सफाई कर्मी काम पर नहीं लौटे, तो स्थिति और भी चिंताजनक हो आयेगी.
बदहाल सफाई व्यवस्था से ग्रामीण त्रस्त, खुद उठायी झाड़ू
सिरहीरा पंचायत के वार्ड चार की गलियों में लगा गंदगी का अंबार
