एनएच-19 के ओवरब्रिजों पर पांच माह से शो-पीस बनी स्ट्रीट लाइटें

अंधेरे में सफर करने को मजबूर राहगीर, दुर्घटनाओं की बनी रहती है आशंका

अंधेरे में सफर करने को मजबूर राहगीर, दुर्घटनाओं की बनी रहती है आशंका यूपी सीमा में जल रही हैं लाइटें, बिहार के दुर्गावती प्रखंड में पसरा रहता है सन्नाटा कर्मनाशा. दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एनएच 19 के ओवरब्रिजों पर पांच माह पूर्व लगायी गयीं स्ट्रीट लाइटें अभी तक शो-पीस बनी हुई हैं. नेशनल हाइवे से प्रतिदिन हजारों गाड़ियां गुजरती हैं, लेकिन कुल्हड़िया, कर्मनाशा, महमूदगंज, खजुरा, पिपरिया स्टेशन रोड व दुर्गावती सहित विभिन्न ओवरब्रिजों पर लगी ये लाइटें अब तक शुरू नहीं की गयीं. लाइट नहीं जलने से रात के समय सड़कों पर अंधेरा छाया रहता है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है व निरंतर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. दरअसल, पिछले कई वर्षों से सिक्सलेन का काम चल रहा है, जो अब तक पूरा नहीं हो सका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यूपी के चंदौली जिले में एनएच 19 पर ओवरब्रिज के अलावा मुख्य मार्ग पर भी स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं और वहां रात में रोशनी रहती है. इसके विपरीत बिहार सीमा में प्रवेश करते ही दुर्गावती प्रखंड के ओवरब्रिजों पर लाइटें तो लगा दी गयीं, लेकिन उन्हें जलाने की व्यवस्था एनएचएआइ द्वारा नहीं की गयी. इस अव्यवस्था के कारण यात्रा करने वाले लोगों को रात के समय अंधेरे में ही सफर करना पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों ने एनएचएआइ अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया है. लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों पर अतिरिक्त लाइटें लगायी जायें व ओवरब्रिजों पर लगे खंभों को बिजली से जोड़कर लाइटें चालू की जायें, ताकि यात्रियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >