Kaimur News : कैमूर जिला के कुदरा स्थानीय इंद्रा परशुराम सिंह महिला महाविद्यालय, चिलबिली में शुक्रवार को भारतीय प्रतिभूति एवं विनियम बोर्ड (सेबी) की ओर से निवेश एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक भी उपस्थित रहे.
वित्तीय साक्षरता को बताया समय की जरूरत कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार तिवारी ने किया. उन्होंने छात्राओं को ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक छात्र-छात्रा के लिए आवश्यक है.
सेबी विशेषज्ञ ने बताए सुरक्षित निवेश के तरीके सेबी के पटना जोन से आए विशेषज्ञ अमित ने प्रोजेक्टर और ग्राफिक्स के माध्यम से निवेश की आधारभूत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अपनी आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखकर सही तरीके से निवेश करने से दीर्घकाल में बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है. साथ ही शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और सुरक्षित निवेश के विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी दी.
साइबर ठगी से बचाव के दिए टिप्स कार्यक्रम में साइबर फ्रॉड से बचाव पर विशेष जोर दिया गया. वक्ता ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है. उन्होंने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के उपाय भी बताए. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने निवेश और साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने विस्तार से उत्तर दिया.
आभार के साथ कार्यक्रम संपन्न अंत में प्राचार्य संजय कुमार तिवारी ने अतिथि वक्ता, प्राध्यापकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया.
