कैमूर: रामपुर की दो पंचायतों में सहयोग शिविर, 71 आवेदन मिले, आठ का मौके पर हुआ निष्पादन

कैमूर जिले की अमांव और भीतरीबांध पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया. 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का तुरंत निपटारा हुआ. शेष 63 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है.

Kaimur News : राज्य सरकार के निर्देश पर मंगलवार को रामपुर प्रखंड की अमांव और भीतरीबांध पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर समाधान करना और लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना था. शिविर की निगरानी जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार और बीडीओ ऋतुरंजन कुमार ने की. विभिन्न विभागों के स्टॉल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे.

अमांव पंचायत में 31 आवेदन, तीन का हुआ निपटारा

अमांव पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में अमांव, दियरी, लाखनडाही और बरली सहित आसपास के गांवों के लोगों ने हिस्सा लिया. यहां कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें तीन मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. शेष 28 आवेदनों को संबंधित विभागों के पास जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया.

भीतरीबांध पंचायत में मिले 40 आवेदन

भीतरीबांध पंचायत में आयोजित शिविर में भीतरीबांध, इब्राहिमपुर और बाराडीह गांव के ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल पर आवेदन जमा किए. यहां 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पांच मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि 35 आवेदन लंबित रखे गए.

लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश

दोनों पंचायतों में कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आठ का मौके पर निष्पादन हुआ, जबकि 63 आवेदन संबंधित विभागों को भेजे गए हैं. जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े. वहीं बीडीओ ऋतुरंजन कुमार ने बताया कि सभी लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा कर जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

शिविर में प्रखंड प्रमुख घूरा सिंह यादव, सीओ अनु कुमारी, एलईओ सोनाली चंद्रा, पीएचसी प्रबंधक जयप्रकाश सिंह, अमांव की मुखिया लक्ष्मीना देवी, भीतरीबांध के मुखिया श्रीकांत पासवान, पैक्स अध्यक्ष राज कमल सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और पंचायत स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >