चैनपुर. चैनपुर थाना से पश्चिम रविदास मंदिर के पीछे सरकारी जमीन पर दो माह पूर्व किसी महापुरुष की तस्वीर लगा किये गये अतिक्रमण को मंगलवार को एसडीएम विजय कुमार व एसडीपीओ शिव शंकर कुमार के नेतृत्व में की गयी कार्रवाई के दौरान हटाया गया. तस्वीर के हटाये जाने के कुछ ही देर के बाद आक्रोशित लोगों ने रविदास मंदिर के सामने एनएच-219 को जाम कर दिया. इससे दोनों ही तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. सड़क जाम की जानकारी पर पुलिस जवानों के साथ थानाध्यक्ष विजय प्रसाद, पुलिस निरीक्षक व प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश मौके पर पहुंच गये. इस दौरान उनके द्वारा आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे. आखिरकार थानाध्यक्ष व बीडीओ के काफी समझाने के बाद तीन घंटे से भी अधिक समय तक चले सड़क जाम को लोगों द्वारा हटा लिया गया. मालूम हो गत वर्ष दिसंबर महीने में रविदास मंदिर के पीछे स्थित सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा लोहा के एंगल में किसी महापुरुष की तस्वीर को लगा अतिक्रमण किया गया था. इसके बाद अंचल अधिकारी द्वारा चैनपुर थाने में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. मंगलवार को एसडीएम विजय कुमार व एसडीपीओ शिव शंकर कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए जमीन से तस्वीर को सम्मान पूर्वक हटाया गया. यहां तस्वीर के हटाये जाने की खबर जैसे ही फैली, वहां लोगों की भीड़ जमा होने लगी और देखते ही देखते लोग रविदास मंदिर के सामने मुख्य सड़क पर जमा हो गये. आक्रोशित लोगों ने उसे तस्वीर को पुनः लगाने की मांग को लेकर एनएच 219 को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी, तेज धूप के कारण वाहनों में फंसे लोग परेशान थे. इस दौरान दूरदराज से हरसू ब्रह्मधाम दर्शन को आ रहे श्रद्धालु भी काफी देर तक जाम में फंसे रहे. स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चे व शिक्षक भी जाम का शिकार हुए. सड़क जाम के कारण वाहनों की कतार भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी. यहां तीन घंटे से भी अधिक समय तक प्रयास करने के बाद आखिरकार लोग जाम हटाने को तैयार हुए. दो बजे के करीब शुरू हुआ यह जाम शाम पांच बजे के बाद समाप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस द्वारा धीरे-धीरे वाहनों का परिचालन शुरू कराया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
