Kaimur news : 31 मार्च से पहले राशन कार्डधारी करा लें केवाईसी, नहीं तो खाद्यान्न होगा बंद

इ-केवाइसी नहीं करने पर सरकार द्वारा जारी आदेश के आलोक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी राशन कार्डधारी को नोटिस निर्गत करते हुए निर्देश जारी किया है कि 31 मार्च तक सभी राशन कार्डधारी अपना इ-केवाईसी करना सुनिश्चित करें, नहीं तो एक अप्रैल के बाद मिलने वाले खाद्यान्न से वंचित रह जायेंगे

भभुआ नगर. केंद्र की सरकार जनता के कल्याण के लिए कई लाभकारी योजनाएं चला रही है, जिससे आम जन-मानस को सहायता मिलती रहे. इन्हीं में से एक राशन कार्ड योजना भी है. यह योजना गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों को अनाज उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका अदा करती है. सरकार हर माह जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लोगों को फ्री में राशन मुहैया कराती है. कोई भी जरूरतमंद परिवार राशन से वंचित न रहे, इसे लेकर सरकार राशन कार्ड से जुड़े उपभोक्ताओं को इ-केवाईसी कराने के लिए मौका बार-बार देती रही है ,फिर भी लोग अपना इ-केवाइसी नहीं करा रहे हैं. इधर, इ-केवाइसी नहीं करने पर सरकार द्वारा जारी आदेश के आलोक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी राशन कार्डधारी को नोटिस निर्गत करते हुए निर्देश जारी किया है कि 31 मार्च तक सभी राशन कार्डधारी अपना इ-केवाईसी करना सुनिश्चित करें, नहीं तो एक अप्रैल के बाद मिलने वाले खाद्यान्न से वंचित रह जायेंगे. हालांकि, सरकार द्वारा यह पहली बार नोटिस जारी नहीं किया गया है, बल्कि इससे पूर्व भी समय निर्धारित करते हुए राशन कार्डधारियों को इ-केवाइसी कराने के लिए नोटिस निर्गत किया गया था. = राशन कार्ड से आधार सीडिंग होना है जरूरी आपूर्ति विभाग ने जारी निर्देश कहा है कि राशन कार्ड से आधार सीडिंग जरूरी है. अब प्रत्येक सदस्य का आधार लिंक कराना आवश्यक है, अन्यथा संबंधित सदस्य का नाम राशन कार्ड से हटा दिया जायेगा. सरकार ने 31 मार्च 2025 तक हर हाल में शत-प्रतिशत राशन कार्ड से आधार सीडिंग कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को सौंपी है. साथ ही जारी निर्देश में कहा गया है कि कोई भी राशन कार्ड लाभार्थी अपने नजदीकी डीलर की दुकान पर जाकर फ्री में आधार सीडिंग करा सकते हैं. = फेशियल इ-केवाइसी की भी सुविधा है उपलब्ध डीएसओ को प्रतिदिन ई-केवाइसी की समीक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. डीलर के यहां प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक ई-केवाइसी होगा. विभाग द्वारा लाभुकों का फेशियल इ-केवाईसी के लिए एक ऐप जारी किया है, जिसका नाम मेरा इ-केवाइसी है. इस एप के माध्यम से भी कोई भी लाभुक अपने मोबाइल फोन से देश के किसी भी स्थान से अपना इ-केवाइसी करा सकते हैं. इधर जिला आपूर्ति शाखा से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में कुल राशन कार्डधारियों की संख्या 2,60,610 है, जिसमें कुल लाभुक 11,56,686 हैं. लेकिन, ताजा डाटाबेस के अनुसार अब तक 8,92,717 लाभार्थियों का इकेवाईसी हो चुका है तथा 2,63,969 लाभुकों का इ-केवाइसी अभी भी शेष है. = घर बैठे ही लाभार्थी करा सकते हैं इ-केवाइसी इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी करिश्मा ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से आच्छादित सभी लाभुकों का इ-केवाईसी कराने का निर्देश प्राप्त है, कोई भी लाभुक अपने मोबाइल फोन से देश के किसी भी स्थान से मेरा इ-केवाइसी एप या आधार के फेस आइडी से इ-केवाइसी करा सकते हैं. इसके साथ-साथ सभी पीडीएस दुकानदार द्वारा इ-केवाइसी कराया जा रहा है. लाभार्थी पीडीएस दुकानदार के पास भी जाकर इ-केवाइसी करा सकते हैं. इ-केवाइसी के लिए अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित है. 31 मार्च तक इ-केवाईसी नहीं करने पर संबंधित लाभार्थियों का खाद्यान्न बंद कर दिया जायेगा व राशन कार्ड से नाम हटा दिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >