यूपी से आ रही 10 लाख की शराब खेप बरामद, रामगढ़ पुलिस ने जब्त की पिकअप

कैमूर जिले के रामगढ़ में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. मोहनपुर मोड़ के पास एक पिकअप वैन से लगभग 10 लाख रुपये की 1262 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई है. हालांकि, पुलिस को देखकर पिकअप का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

Liquor Ban : कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब की खेप जब्त की है. यूपी से बिहार में प्रवेश कर रही इस खेप को मोहनपुर मोड़ के पास पकड़ा गया. पुलिस ने एक पिकअप वैन से करीब 1262.285 लीटर प्रतिबंधित शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी जा रही है. हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.

यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर से बड़ौरा पुल के रास्ते बड़ी मात्रा में शराब बिहार लाई जा रही है. सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस सतर्क हो गई और मोहनपुर मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया.

Kaimur News : पुलिस को देखते ही छोड़कर भागा चालक

जांच के दौरान BR44G-3894 नंबर की एक पिकअप वैन को रोका गया. जैसे ही पुलिस ने वाहन को घेरने की कोशिश की, चालक गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला. अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया और पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी.

इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की शराब छिपाकर रखी गई थी. बरामद शराब की मात्रा और प्रकार देखकर पुलिस भी हैरान रह गई.

इन ब्रांडों की शराब की बड़ी खेप बरामद

थानाध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा के अनुसार, जब्त शराब में ब्ल्यू लाइम देशी मसाला के 103 कार्टन यानी करीब 927 लीटर, 8 PM स्पेशल के 19 कार्टन यानी 164.16 लीटर, किंगफिशर बियर के 12 कार्टन यानी 143 लीटर और रॉयल स्टैग के 3 कार्टन यानी 28.125 लीटर शराब शामिल है. कुल मिलाकर 1262.285 लीटर शराब जब्त की गई है.

पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है और फरार चालक व वाहन मालिक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

Kaimur Police : चेकपोस्ट पार कर पहुंची शराब, उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और यूपी-बिहार सीमा पर बड़ौरा नदी के पास स्थायी चेकपोस्ट भी बनाया गया है. यहां मद्यनिषेध विभाग और पुलिस की तैनाती रहती है और हर वाहन की जांच की जाती है.

इसके बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में शराब का चेकपोस्ट पार कर रामगढ़ तक पहुंच जाना कई सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए.

तस्करी के नेटवर्क पर कसा जाएगा शिकंजा

ग्रामीणों और जानकारों का मानना है कि बिना किसी नेटवर्क के इतनी बड़ी खेप का आना संभव नहीं है. ऐसे में तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जरूरी है. पुलिस भी अब इस एंगल से जांच में जुट गई है कि आखिर शराब किसके लिए लाई जा रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay jaiswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >