कैमूर में तस्कर पर पुलिस की रेड: 120 लीटर महुआ शराब,मादक पदार्थ बरामद, महिला गिरफ्तार, बेटा फरार

कैमूर के चैनपुर में पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई की. खड़ौरा गांव में अवैध शराब निर्माण और गांजा बरामद करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, उसका बेटा पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा.

Kaimur Chainpur Illegal Liquor Raid : कैमूर के चैनपुर थाना क्षेत्र के खड़ौरा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण और गांजा बरामदगी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला की पहचान खड़ौरा गांव निवासी रामाधार राय की 47 वर्षीय पत्नी माना देवी के रूप में हुई है. वहीं उसका पुत्र भगवान राय उर्फ मनीष राय पुलिस की कार्रवाई के दौरान फरार हो गया.

Kaimur News : शराब बनाने के उपकरण और गांजा मिला

पुलिस को सूचना मिली थी कि भगवान राय उर्फ मनीष राय अपने घर में अवैध रूप से शराब बनाकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव में छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, लगभग 120 लीटर शराब तैयार करने के लिए रखा गया महुआ पास, 40 किलोग्राम सूखा महुआ और 272 ग्राम गांजा बरामद किया गया.

भागने की कोशिश कर रही महिला को पकड़ा

पुलिस के घर पहुंचते ही एक महिला भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान माना देवी के रूप में बताई. महिला ने पुलिस को बताया कि शराब बनाने और बेचने का काम उसका पुत्र भगवान राय उर्फ मनीष राय करता है.

मौके पर ही नष्ट किया गया महुआ पास

पुलिस ने बरामद महुआ पास और सूखे महुआ को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया. जब्त गांजा और अन्य सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई.

एनडीपीएस और उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला और फरार आरोपी भगवान राय उर्फ मनीष राय के खिलाफ उत्पाद अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravishankar singh

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >