स्कूल-कॉलेज की लड़कियों को लाने-ले जाने के लिए खरीदी जायेगी पिंक वैन

KAIMUR NEWS.भभुआ नगर पर्षद क्षेत्र के सभी वार्डों में पढ़ने वाली स्कूल-कॉलेज की छात्राओं को लाने-ले जाने के लिए पिंक वैन संचालित होगी. इसको लेकर नगर पर्षद वैन की खरीद करेगी.

बैठक में प्रशासनिक भवन के जीर्णोद्धार, एकता चौक पर पार्क व नप परिसर मैरेज हॉल बनाने पर जोर

नगर पर्षद ने महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट निर्माण पर भी जतायी सहमति

भभुआ सदर.

भभुआ नगर पर्षद क्षेत्र के सभी वार्डों में पढ़ने वाली स्कूल-कॉलेज की छात्राओं को लाने-ले जाने के लिए पिंक वैन संचालित होगी. इसको लेकर नगर पर्षद वैन की खरीद करेगी. बुधवार को भभुआ नगर पर्षद में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया. बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी मुख्य पार्षद रविता पटेल ने की, जबकि परिचालन कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने किया. बैठक में पिंक वैन क्रय करने सहित नगर पर्षद के प्रशासनिक भवन के रंग-रोगन, मरम्मत व जीर्णोद्धार, भवन के ऊपरी तल पर सभाकक्ष निर्माण, शहर के हृदयस्थली एकता चौक पर पार्क निर्माण, नगरपालिका के आगे वार्ड संख्या- 12 में पश्चिम तरफ बने जर्जर दुकानों के स्थान पर नये का निर्माण, दुकानों की संख्या छह से बढ़ाने, नगरपालिका मुख्य गेट निर्माण, नप क्षेत्र अंतर्गत किराये के दुकानों के नवीनीकरण और नगरपालिका परिसर में स्थित पुराने व जर्जर प्रशासनिक भवन की जगह मैरेज हॉल निर्माण सहित साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा हुई. साथ ही पूर्व की बैठक की संपुष्टि की गयी. बैठक के दौरान मुख्य पार्षद ने सभी 25 वार्डों में पढ़ने वाली लड़कियों को सुरक्षित लाने और घर तक पहुंचाने के लिए पिंक वैन या पिंक इ-रिक्शा क्रय करने का मुद्दा पटल पर रखा, जिसे पार्षदों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया. इसके अलावा मुख्य पार्षद ने महिलाओं के लिए शहर में पिंक टॉयलेट निर्माण पर भी चर्चा की. बैठक में वार्ड पार्षद उत्तम चौरसिया, प्रमोद पाठक सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे.

बैठक में इओ के मोबाइल नंबर ब्लॉक होने को लेकर हंगामा

बुधवार को नगर पर्षद सभागार में आयोजित बोर्ड की सामान्य बैठक के दौरान वार्ड पार्षद परमानंद केशरी कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से उनके नंबर को ब्लैकलिस्ट में डालने को लेकर आक्रोशित हो गये और इस मामले को प्रोसिडिंग में शामिल कराने की मांग पर अड़ गये. इस दौरान इओ सहित वरिष्ठ पार्षदों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया. बताया गया कि दो महीने से नगर विकास विभाग की ओर से सभी इओ को सरकारी नंबर जारी किये गये हैं, जिसके कारण उनका पुराना नंबर बंद हो गया है. जानकारी दिये जाने के बावजूद पार्षद परमानंद अन्य पार्षदों से उलझ गये और हंगामा बढ़ गया. शोर-शराबे के बीच कार्यपालक पदाधिकारी नगर विकास विभाग द्वारा शुरू की गयी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हो गये, जिसके बाद मामला शांत हो गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >