मदुरनी गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट, एक गिरफ्तार
KAIMUR NEWS.थाना क्षेत्र के मदुरनी गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना के बाद दोनों पक्षों के घायल लोगों को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के समक्ष दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया.
चैनपुर.
थाना क्षेत्र के मदुरनी गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना के बाद दोनों पक्षों के घायल लोगों को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के समक्ष दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया. पुलिस ने दोनों पक्षों के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की और छापेमारी के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान मदुरनी गांव निवासी बाबूलाल राम के पुत्र मनोहर राम उर्फ मनोहर कुमार के रूप में हुई है.इस मामले में पहले पक्ष की ओर से मदुरनी गांव निवासी जितेंद्र कुमार राम ने बयान दर्ज कराया. उसने बताया कि गांव के एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हुई थी. इसी बात को लेकर गांव के संदीप यादव, भोला यादव और शिवपूजन यादव लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान उसका बायां हाथ टूट गया व सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया. उसने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चचेरे दामाद आदित्य कुमार के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया. वहीं उसे बचाने पहुंची उसकी भाभी बिंदा देवी के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गयी. दूसरे पक्ष की ओर से शिवपूजन यादव ने भी पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराया. उसने बताया कि उसके भतीजे संदीप यादव को गांव के महेंद्र राम, मनोहर राम व जितेंद्र राम ने मदुरनी पहाड़ी के पास रोककर मारपीट की. आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया. बाद में ट्रैक्टर की चाबी खोजने गये संदीप यादव के साथ लौटने के दौरान छैबर राम के घर के समीप फिर से मारपीट की गयी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के घायल लोगों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.