धूमधाम से लोगों ने किया नये साल का स्वागत

करकटगढ़, जगदहवां डैम व हरसू ब्रह्म मंदिर में दिनभर रही चहल-पहल

करकटगढ़, जगदहवां डैम व हरसू ब्रह्म मंदिर में दिनभर रही चहल-पहल चैनपुर. बुधवार की रात जैसे ही घड़ी ने 12 बजाये, लोग खुशी से झूम उठे व हर तरफ हैप्पी न्यू ईयर की गूंज सुनायी देने लगी. कहीं पटाखे फोड़े गये, तो कहीं केक काटकर लोगों ने अपने-अपने तरीके से नये साल का स्वागत किया. लोगों ने एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर कहकर नववर्ष की बधाई दी. कड़कड़ाती ठंड के बावजूद नये साल को लेकर लोगों, खासकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया. यह सिलसिला गुरुवार की देर रात तक जारी रहा. मोबाइल के माध्यम से दूर-दराज रहने वाले परिजनों व दोस्तों को नववर्ष की बधाई देने का दौर दूसरे दिन भी देर शाम तक चलता रहा. नये साल के पहले दिन सुबह से ही लोग एक-दूसरे को बधाइयां देने के साथ-साथ पिकनिक की तैयारी में जुटे रहे. प्रखंड क्षेत्र के कैमूर पहाड़ी पर स्थित करकटगढ़ जलप्रपात, जगदहवां डैम, मदुरना पहाड़ी, बख्तियार खान का मकबरा सहित सभी पिकनिक स्पॉट्स दिनभर गुलजार रहे. जगदहवां डैम, करकटगढ़ व बख्तियार खान के मकबरा पर पिकनिक मनाने के बाद लोग सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर साझा करते नजर आये. कोई टोलियों में तो कोई पूरे परिवार के साथ नये साल के जश्न में डूबा दिखा. मंदिरों में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़ प्रखंड क्षेत्र के अतिप्राचीन मंदिरों में शामिल श्री हरसू ब्रह्म मंदिर में पूरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किये. इनमें अधिकतर श्रद्धालु उत्तर प्रदेश से आये हुए थे, जिन्होंने नववर्ष पर बाबा के चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण चैनपुर बाजार में रुक-रुककर जाम लगता रहा, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी. इन सबके बीच स्थानीय पुलिस द्वारा सभी स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. पूरे दिन पुलिस बल तैनात रहा व लगातार गश्त करती रही. मदुरना पहाड़ी की तलहटी में स्थित महावीर मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >