मोहनिया नगर पंचायत के दो में केवल एक स्टैंड की हुई बंदोबस्ती, असमंजस में विभाग

राजस्व का झटका, व्ययी बाजार व डड़वा स्टैंड के टेंडर में किसी ने नहीं लिया भाग

फोटो 7 नगर पंचायत मोहनिया राजस्व का झटका, व्ययी बाजार व डड़वा स्टैंड के टेंडर में किसी ने नहीं लिया भाग रेलवे स्टैंड ने की पिछले वर्ष से अधिक 4.09 लाख की ऊंची बोली पर हुई नीलामी मोहनिया शहर. स्थानीय नगर पंचायत के अधीन पड़ने वाले दो स्टैंड में से केवल एक ही स्टैंड की बंदोबस्ती इस बार हुई है, जिससे विभाग भी असमंजस की स्थिति में पड़ा है. रेलवे स्टैंड की तो बंदोबस्ती हुई, लेकिन डड़वा स्टैंड व व्ययी बाजार की बंदोबस्ती के लिए टेंडर में लोगों ने भाग नहीं लिया, जिसके कारण एक स्टैंड व व्ययी बाजार की बंदोबस्ती नहीं हो सकी. इससे नगर पंचायत को लाखों रुपये के राजस्व की भी क्षति हुई है. मालूम हो कि नगर पंचायत द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए नगर पंचायत के अधीन पड़ने वाले दो स्टैंड व व्ययी बाजार का टेंडर निकाला गया था. इसके अंतर्गत व्ययी बाजार व डड़वा के टेंडर में किसी ने रुचि नहीं दिखायी, जिससे टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. जबकि, रेलवे स्टैंड की नीलामी 4 लाख 9 हजार रुपये में की गयी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक कीमत पर हुई है. गौरतलब है कि इस वर्ष स्टैंडों की नीलामी प्रक्रिया में काफी पारदर्शिता बरतते हुए टेंडरिंग की गयी थी, लेकिन केवल रेलवे स्टैंड के लिए ही लोग शामिल हुए. 18 मार्च को नगर पंचायत के सभाकक्ष में नीलामी की प्रक्रिया की गयी, जिसमें सबसे अधिक बोली लगाने वाले मोहनिया के वार्ड सात निवासी सुजीत कुमार को टेंडर दिया गया. वहीं, रामगढ़ पुल के नीचे टैक्सी स्टैंड की बंदोबस्ती भी फिलहाल लटक गयी है. रेलवे स्टैंड से वसूली एक अप्रैल 2026 से शुरू होकर 31 मार्च 2027 तक की जायेगी. डड़वा स्टैंड का टेंडर नहीं होने से असमंजस में विभाग नगर पंचायत के अधीन दो स्टैंड व व्ययी बाजार आते हैं, जहां से प्रशासन को काफी अच्छे राजस्व की प्राप्ति होती है. पिछले वर्ष दोनों स्टैंड से नगर पंचायत को करीब 11 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ था, जिसमें डड़वा स्टैंड से आठ लाख व रेलवे स्टैंड से तीन लाख रुपये शामिल थे. इस बार केवल रेलवे स्टैंड का ही टेंडर हुआ, लेकिन डड़वा स्टैंड की बंदोबस्ती नहीं होने से नगर पंचायत को करीब 10 लाख से अधिक के राजस्व की क्षति साफ दिख रही है. नगर पंचायत बनने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि डड़वा स्टैंड की बंदोबस्ती में किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखायी है. # क्या कहते हैं मुख्य पार्षद प्रतिनिधि इस संबंध में पूछे जाने पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि इंद्रजीत राम ने बताया दो स्टैंड और व्ययी बाजार का टेंडर निकाला गया था, लेकिन केवल रेलवे स्टैंड का ही बंदोबस्ती हुआ और डड़वा व व्ययी बाजार का बंदोबस्ती नहीं हो सका. # क्या कहते हैं इओ इस संबंध में पूछे जाने पर नगर पंचायत के इओ सुधांशु कुमार ने बताया इस वर्ष काफी पारदर्शित के साथ टेंडरिंग के बाद डाक बोली के माध्यम से बंदोबस्ती की गयी. रेलवे स्टैंड का 4 लाख 9 हजार में बंदोबस्ती की गयी, जबकि डड़वा और व्ययी बाजार का टेंडर नहीं हो सका. दूसरी बार फिर टेंडर निकाला जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >