हर्षोल्लास के साथ नववर्ष का स्वागत, पुलिस प्रशासन रही चौकस

नववर्ष के आगमन पर मोहनिया अनुमंडल क्षेत्र में हर्षोल्लास व उत्साह का माहौल देखने को मिला.

पिकनिक स्थलों व धार्मिक स्थलों पर उमड़ी भीड़ शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस रही सतर्क मोहनिया शहर. नववर्ष के आगमन पर मोहनिया अनुमंडल क्षेत्र में हर्षोल्लास व उत्साह का माहौल देखने को मिला. लोगों ने अपने-अपने अंदाज में पुराने साल को अलविदा कहते हुए नये साल का स्वागत किया. बुधवार की रात से ही जश्न का सिलसिला शुरू हो गया था, जो गुरुवार को पूरे दिन जारी रहा. शहर व ग्रामीण इलाकों में युवाओं ने डीजे व नृत्य के साथ नववर्ष का जश्न मनाया. लोग एक-दूसरे को गले मिलकर व मोबाइल संदेशों व सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं देते नजर आये. वर्ष के पहले दिन मंदिरों, सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. लोगों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना की. नववर्ष के अवसर पर पिकनिक मनाने वालों में भी खासा उत्साह देखा गया. नदी किनारे, बगीचों, मैदानों व प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पिकनिक स्थलों पर लोगों की टोलियां पहुंचीं. बच्चों व युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. भभुआ रोड स्टेशन स्थित घेघिया पुल, कुदरा के सकरी बांध सहित आसपास के पिकनिक स्पॉट्स पर भारी भीड़ उमड़ी. मौसम अनुकूल रहने के कारण शहर से सटे पिकनिक स्थल लोगों की पहली पसंद बने रहे. देर शाम तक पिकनिक स्थलों व होटलों में चहल-पहल बनी रही. सोशल मीडिया पर भी नववर्ष की शुभकामनाओं की धूम रही. व्हाट्सएप, फेसबुक सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर लोगों ने रिश्तेदारों, मित्रों व सहकर्मियों को नये साल की बधाइयां दीं. कई जत्थे गाजे-बाजे के साथ यूपी व जिले के अन्य दर्शनीय स्थलों की ओर पिकनिक मनाने रवाना हुए. इधर नववर्ष के जश्न के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रही. चौक-चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा. खासकर शराब पीने व बेचने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर बनी रही. हालांकि प्रतिबंध के बावजूद कुछ स्थानों पर चोरी-छिपे शराब सेवन की सूचना सामने आयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >