Kaimur News : चैनपुर विधायक सह बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने गुरुवार को चैनपुर के नौघरा में 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया. समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे. विद्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के अल्पसंख्यक समाज के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ आवासीय सुविधा मिलने का रास्ता साफ हुआ है.
शिक्षा को विकास का मजबूत आधार बता सरकार की योजनाएं गिनायीं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि सरकार शिक्षा को विकास का सबसे मजबूत आधार मानकर लगातार काम कर रही है. अल्पसंख्यक समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बेहतर सुविधाएं देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. चैनपुर में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण इसी दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रहने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी.
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल समेत विकास कार्यों का किया उल्लेख
मंत्री ने चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में सरकार के स्तर से कराये गये विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है.
विद्यालय में 350 से अधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन
560 बेड वाले इस अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई हो रही है. परिसर में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाये गये हैं. अब तक 350 से अधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है. विद्यालय में सुचारू रूप से पठन-पाठन के लिए फिलहाल 14 शिक्षक मौजूद हैं, जिनमें 10 शिक्षक ऐसे हैं, जिनका इस विद्यालय में प्रतिनियोजन किया गया है.
Also Read : कैमूर में फाइलेरिया नियंत्रण के लिए रात्रि रक्त पट्ट सर्वेक्षण, 17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
दो महीने के भीतर शुरू होगा मेडिकल कॉलेज का निर्माण
उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि चैनपुर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य दो महीने के भीतर शुरू हो जायेगा. उन्होंने बताया कि इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा मिल सकेगी और इलाज के लिए उन्हें अन्यत्र जाने की जरूरत कम होगी.
अधौरा में मोबाइल टावर, आवासीय विद्यालय और खेल मैदान का किया जिक्र
मंत्री ने कहा कि चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरने का लगातार प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने अपने कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अधौरा में मोबाइल टावर, आवासीय विद्यालय और खेल मैदान बनवाने की दिशा में काम किया गया है.
उन्होंने कहा कि सोन का पानी अब कुहिरा नदी में गिरने लगा है और जल्द ही इस पानी को चांद प्रखंड के किसानों के खेतों तक पहुंचाने का कार्य किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जिस तरह चैनपुर और चांद प्रखंड तक सोन का पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, उसी तरह अधौरा प्रखंड में भी सोन का पानी पहुंचाने की दिशा में काम किया जायेगा.
जनप्रतिनिधियों ने मंत्री के कार्यों की सराहना की
कार्यक्रम को जदयू जिलाध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष, लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष, डीडीसी और जिला परिषद अध्यक्ष रिंकी सिंह ने भी संबोधित किया. सभी ने अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान की ओर से किये जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना की.
Also Read : कैमूर NH-219 पर गिट्टी-बालू का कारोबार, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में विशेष सचिव सह निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग डॉ. आमिर अफाक अहमद फैजी, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अपर सचिव इबरार अहमद, चेनारी विधायक मुरारी गौतम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. विद्यालय के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला. लोगों ने कहा कि आवासीय विद्यालय शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा.
Also Read : कैमूर में बिजली का करंट लगने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, गांव में मचा कोहराम
