बोर्ड कर्मचारी बनकर अभिभावकों को फेल होने का डर दिखा रहे जालसाज शिक्षा विभाग की अपील : झांसे में न आएं, ठगी की तुरंत दें सूचना. भभुआ नगर. मैट्रिक व इंटरमीडिएट की परीक्षा दे चुके छात्रों के अभिभावकों के पास इन दिनों फर्जी कॉल आने का मामला सामने आया है. कॉल करने वाले खुद को बोर्ड ऑफिस का कर्मचारी बताकर छात्रों को फेल होने का डर दिखाते हैं व पास कराने के नाम पर पैसे मांगते हैं. ऐसा ही एक मामला गुरुवार को भभुआ में सामने आया. भभुआ निवासी इंटरमीडिएट साइंस के छात्र आदित्य कुमार के पिता के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने पहले पूछा कि आप कौन बोल रहे हैं. जब उन्होंने बताया कि वह आदित्य कुमार के पिता बोल रहे हैं, तब कॉल करने वाले ने कहा कि आपके बेटे को एक विषय में केवल 18 नंबर आया है व वह इंटर की परीक्षा में फेल हो जायेगा. इसके बाद कॉल करने वाले ने कहा कि यदि अपने बेटे को पास कराना चाहते हैं, तो 10 मिनट के अंदर 10 हजार रुपये की व्यवस्था कर भेज दीजिये, नहीं तो उसे फेल कर दिया जायेगा. अचानक आयी इस कॉल से कुछ समय के लिए आदित्य के पिता परेशान हो गये. फोन करने वाले ने खुद को बोर्ड ऑफिस का कर्मचारी बताते हुए जल्द पैसा भेजने का दबाव बनाया. कॉल के दौरान उसने कहा कि अभी 10 मिनट के अंदर पैसे भेज दिये जायें तो नंबर बढ़ाकर छात्र को पास करा दिया जायेगा. इधर कॉल आने के बाद आदित्य के पिता को शक हुआ. उन्होंने तुरंत शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मियों से संपर्क किया. उन्होंने बताया कि मोबाइल नंबर 8582086397 से कॉल आया है व फोन करने वाला व्यक्ति खुद को बोर्ड ऑफिस का कर्मचारी बता रहा है. इस पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा कि यह पूरी तरह से फर्जी कॉल है. बोर्ड या शिक्षा विभाग की ओर से इस तरह का कोई फोन नहीं किया जाता है व न ही नंबर बढ़ाने या पास कराने के लिए पैसे मांगे जाते हैं. # शिक्षा विभाग ने बताया ठगी का नया तरीका # इधर, इस संबंध में जानकारी देते हुए डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान विकास कुमार डीएन ने बताया कि परीक्षा के बाद इस तरह के फर्जी कॉल आने की शिकायत अक्सर मिलती है. ठग छात्रों व उनके अभिभावकों को डराकर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं. साथ ही कहा कि बोर्ड की ओर से किसी भी छात्र के नंबर या परिणाम को लेकर फोन नहीं किया जाता है. परिणाम पूरी तरह से पारदर्शी प्रक्रिया से जारी किया जाता है. इसलिए किसी भी कॉल पर विश्वास न करें व किसी भी स्थिति में पैसे न भेजें. # फर्जी कॉल आये, तो तुरंत करें शिकायत डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान विकास कुमार ने छात्रों व अभिभावकों से अपील की है कि यदि इस तरह का कोई फोन आये तो घबराएं नहीं व न ही किसी के झांसे में आएं. तुरंत इसकी सूचना शिक्षा विभाग के कार्यालय या साइबर थाने को दें ताकि ऐसे ठगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके. बताया जाता है कि यह पहली बार नहीं है. लगभग हर वर्ष मैट्रिक व इंटर की परीक्षा समाप्त होने के बाद ऐसे फर्जी कॉल आने लगते हैं. कई छात्र व अभिभावक इसकी शिकायत कर देते हैं, लेकिन कुछ लोग ठगों के झांसे में आकर हजारों रुपये गंवा देते हैं. इसलिए जरूरी है कि छात्र व अभिभावक सतर्क रहें व किसी भी अनजान कॉल पर भरोसा न करें. जागरूकता ही इस तरह की साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है.
मैट्रिक-इंटर के परीक्षार्थियों को आ रहा फर्जी कॉल, ‘कम नंबर’ का डर दिखाकर मांगे जा रहे पैसे
बोर्ड कर्मचारी बनकर अभिभावकों को फेल होने का डर दिखा रहे जालसाज
