Bihar Accident News: बिहार में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला कैमूर जिले से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी जगनारायण सिंह और धर्मराज राम के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति बुधवार सुबह बाइक से रोहतास जिले के परसथुआ की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामकलपुर नहर पुल के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी.
सीधे नहर में जा गिरे दोनों
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति उछलकर पास की सूखी नहर में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इतना ही नहीं टक्कर के बाद कार और बाइक भी सड़क से नीचे जा गिरे. जिसके बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया.
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना के कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने शवों को देखा और कुढ़नी पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची कुढ़नी थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पहचान नहीं हो पाने के कारण कुछ समय तक असमंजस की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी गई.
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही हादसे की खबर देवढ़िया गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रमीण मृतक परिवार के घर पर उन्हें संभल कि कोशिश कर रहे है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
मौके पर पहुंची पुलिस पुरे मामले कि जांच में जूटी हैं. साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
