Kaimur News : कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के अमीरथा गांव में सोमवार की देर शाम पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी कर 14.76 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से 8 पीएम ब्रांड की 82 पीस शराब बरामद की.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि अमीरथा गांव में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित ठिकाने को घेरकर छापेमारी की. इस दौरान छिपाकर रखी गयी 8 पीएम ब्रांड की 82 पीस शराब बरामद हुई.
दो कारोबारी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमीरथा गांव निवासी मनोज कुमार, पिता विजय पासवान और विजय शंकर पासवान, पिता स्व. राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
स्थानीय लोगों की ओर से यह भी आरोप लगाया जा रहा था कि शराब की बिक्री के साथ फोन कॉल के जरिये शराब की होम डिलीवरी भी की जाती थी. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद दोनों की मेडिकल जांच करायी गयी. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
