कृष्णा सेंट्रल स्कूल की विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखायी प्रतिभा

स्थानीय कृष्णा सेंट्रल स्कूल में शनिवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत कर लोगों को हैरत में डाल दिया.

सोलर वॉटर हीटर से स्मार्ट सिटी तक आकर्षक मॉडल रहे केंद्र में मोहनिया शहर. स्थानीय कृष्णा सेंट्रल स्कूल में शनिवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत कर लोगों को हैरत में डाल दिया. वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता व नवाचार से जुड़े प्रोजेक्ट्स के माध्यम से छात्रों ने अपने कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. प्रदर्शनी में सोलर वॉटर हीटर, हाइड्रोलिक ब्रिज, ज्वालामुखी विस्फोट का मॉडल, वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, स्मार्ट सिटी व स्मार्ट विलेज जैसे आकर्षक व उपयोगी मॉडल प्रदर्शित किये गये. प्रत्येक मॉडल के पीछे छात्रों की मेहनत, शोध व कल्पनाशीलता साफ झलक रही थी. इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक आलोक सिंह ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाला समय वैज्ञानिक सोच रखने वाले युवाओं का है. उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि बनाये रखने व अपने इनोवेटिव आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों व अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि कम उम्र में इतनी बड़ी सोच यह दर्शाती है कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व सही मार्गदर्शन मिल रहा है. विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता व समस्या समाधान कौशल विकसित करने का एक प्रभावी मंच साबित हुई. यह न केवल किताबी ज्ञान को व्यावहारिक प्रयोगों से जोड़ती है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास व प्रस्तुति कौशल को भी सशक्त बनाती है. प्रदर्शनी में जानवी कुमारी, अंकिता कुमारी, आस्था केशरी, निखिल कुमार, आर्यन, अवरुद्ध राज पांडे, वर्षा, आकांक्षी व अनमोल सहित कई छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इस कार्यक्रम में कृष्ण प्ले स्कूल व कृष्णा सेंट्रल स्कूल के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >