भभुआ सदर. गयाजी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) दक्षिण बिहार प्रांत का प्रांत अधिवेशन 28 से 31 दिसंबर तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. अधिवेशन का समापन एक जनवरी को हुआ, जिसमें संगठन के आगामी एक वर्ष के कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गयी और साथ ही नये दायित्वों की घोषणा की गयी. इस अवसर पर प्रांत स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के सह संयोजक के रूप में कैमूर के अभय शुभम् को दायित्व सौंपा गया, जबकि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ अजीत कुमार राय को चयनित किया गया. अधिवेशन में शिक्षा के क्षेत्र में संगठन की भूमिका को और सशक्त करने पर जोर दिया गया. बैठक के दौरान बिहार प्रदेश में महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनइपी) के प्रभावी क्रियान्वयन, छात्रों के लिए रोजगार के अवसर, छात्रावासों की समस्याओं तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ. साथ ही आने वाले एक वर्ष के लिए कार्य योजना तैयार की गयी और विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किये गये. इस प्रांत अधिवेशन में कैमूर जिले से 26 प्रतिनिधियों ने भाग लिया. इनमें प्रमुख रूप से वैभव सिंह, विवेक पांडेय, आनंद राज, अभिषेक शर्मा, समीर सिंह, ऋषभ पांडेय, निशु सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे. अधिवेशन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने संगठनात्मक मजबूती और छात्र हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
