Himachal Road Accident Kaimur Youth : कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के ढढ़हर गांव निवासी 28 वर्षीय प्रदुमन राजभर की हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे में मौत हो गई. रविवार को जैसे ही एंबुलेंस से उनका शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
Kaimur News : काम से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार प्रदुमन राजभर हिमाचल प्रदेश की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे. ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने कमरे की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से प्रदुमन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया. हालांकि गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर परिजन हिमाचल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को एंबुलेंस से गांव लेकर आए.
शव पहुंचते ही गांव में छा गया मातम
रविवार को शव के गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे, लेकिन परिजनों का दुख कम नहीं हो सका.
