भभुआ प्रखंड के डुमरैठ पंचायत के दलित बहुल वार्ड नंबर 11 में पिछले दो साल से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. नाली की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित है और घरों व बारिश का पानी गली में जमा हो रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार पंचायत के मुखिया से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया.
नाली भरी, गली बनी जलजमाव का शिकार
देनवा गांव के ग्रामीण शत्रुघन राम, रामवतार सिंह, सुशीला देवी और पलटू राम ने बताया कि गांव बेतरी-मनिहारी मुख्य सड़क से सटा हुआ है. मुख्य सड़क से होकर ही लोग गांव में आते-जाते हैं. वार्ड नंबर 11 में गली और नाली के पक्कीकरण का काम करीब सात-आठ वर्ष पहले कराया गया था.
300 मीटर गली आज भी कच्ची
ग्रामीणों के अनुसार, नाली को तो पक्का बना दिया गया, लेकिन पंचु राम के घर से गोरख सिंह के घर तक करीब 300 मीटर गली का निर्माण नहीं कराया गया. गली कच्ची रहने के कारण जलजमाव की समस्या और भी गंभीर हो गयी है. बारिश के दिनों में लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है.
दो साल से नाली की नहीं हुई सफाई
ग्रामीणों ने बताया कि नाली की सफाई नहीं होने के कारण पिछले दो वर्षों में वह पूरी तरह भर चुकी है. पंचायत की ओर से नाली की नियमित सफाई नहीं कराये जाने से पानी की निकासी बंद हो गयी है. अब घरों से निकलने वाला पानी और बारिश का पानी गली में ही जमा हो रहा है.
बच्चों से मरीजों तक की बढ़ी परेशानी
जलजमाव के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और लोगों को बाजार जाने में काफी दिक्कत होती है. बरसात के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है और गली से होकर गुजरना मुश्किल हो जाता है.
गंदे पानी और बदबू से बीमारी का खतरा
गली में लंबे समय से जमा नाली के गंदे पानी से बदबू फैल रही है. ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव और गंदगी के कारण लोग संक्रमण समेत कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. ग्रामीणों ने जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और नाली की तत्काल सफाई कराने की मांग की है.
500 से ज्यादा आबादी, अधिकांश दलित परिवार
ग्रामीणों के अनुसार, वार्ड नंबर 11 की आबादी 500 से अधिक है. यहां अधिकांश दलित समाज के परिवार रहते हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या झेलने के बावजूद पंचायत स्तर से अब तक ठोस पहल नहीं की गयी है.
मुखिया से कई बार लगायी गुहार, नहीं बदली स्थिति
ग्रामीणों ने बताया कि नाली और जलजमाव की समस्या को लेकर पंचायत के मुखिया से कई बार गुहार लगायी गयी. इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया. ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से जल्द नाली की सफाई कराने और 300 मीटर कच्ची गली को पक्का कराने की मांग की है.
ALSO RAED : कैमूर में 65 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या, दो नामजद गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल
