शिक्षा के क्षेत्र में कैमूर ने रचा इतिहास, PBL मूल्यांकन में पूरे बिहार में पाया पहला स्थान

प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के तहत जुलाई माह की रैंकिंग में कैमूर जिले ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

Kaimur News : प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) के तहत जुलाई माह के एमआईपी 4.3 मूल्यांकन में कैमूर जिले ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धि दर्ज की है. इस सफलता से जिला शिक्षा विभाग, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा जिला एवं प्रखंड तकनीकी समूह में उत्साह का माहौल है. अधिकारियों ने इसे शिक्षकों की मेहनत, नवाचार और सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया.

डीईओ बोले- पूरे कैमूर के लिए गर्व का क्षण

जिला शिक्षा पदाधिकारी साकेत रंजन ने कहा कि राज्य में पहला स्थान प्राप्त करना पूरे कैमूर जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों की निष्ठा, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने सभी शिक्षकों से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया.

पीबीएल से बढ़ रही बच्चों की रचनात्मक सोच

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) अभिषेक कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि कैमूर के शिक्षकों ने इस कार्यक्रम को गंभीरता से लागू कर राज्य के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है.

सामूहिक प्रयास से मिली बड़ी सफलता

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शंभु कुमार सिंह ने कहा कि जब पूरी टीम एक लक्ष्य के साथ कार्य करती है तो सफलता निश्चित होती है. कैमूर के शिक्षकों ने समयबद्ध कार्य निष्पादन और बेहतर समन्वय के माध्यम से यह साबित किया है कि गुणवत्तापूर्ण प्रयास हमेशा उत्कृष्ट परिणाम देते हैं.

अधिकारियों ने शिक्षकों का बढ़ाया उत्साह

संभाग प्रभारी ओमप्रकाश मिश्रा ने जिले के प्रदर्शन को पूरे संभाग के लिए प्रेरणादायक बताया. वहीं मृत्युंजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक रैंक नहीं, बल्कि प्रत्येक शिक्षक के समर्पण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है.

जिला तकनीकी समूह के सदस्य सुमित कुमार ने कहा कि यह सफलता जिले के सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, जिला एवं प्रखंड तकनीकी समूह तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि कैमूर के शिक्षक आगे भी नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देकर जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >