कैमूर : स्कूलों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, भगवानपुर की गुरु गोष्ठी में प्रधानाध्यापकों को मिले सख्त निर्देश

भगवानपुर प्रखंड में प्रधानाध्यापकों की मासिक बैठक आयोजित। हर घर तिरंगा और शिक्षा सुधार के लिए शिक्षकों को दिए गए कड़े निर्देश। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

प्रखंड मुख्यालय स्थित शिक्षा विभाग के प्रशिक्षण भवन में बुधवार दोपहर प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापकों की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित की गयी. बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद आसिफ आनंद और लेखापाल शमीम अहमद मौजूद रहे. इस दौरान विद्यालय संचालन, हर घर तिरंगा अभियान, शिक्षकों की उपस्थिति और कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षा समेत कई मुद्दों पर निर्देश दिये गये.

हर घर तिरंगा की सेल्फी अपलोड कराने का निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान को लेकर सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से सेल्फी अपलोड कराने का निर्देश दिया गया. प्रधानाध्यापकों को अभियान को लेकर विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया.

समय सारणी से स्कूल नहीं चला तो होगी कार्रवाई

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी विद्यालय में निर्धारित समय सारणी के अनुसार पढ़ाई नहीं होती पायी गयी, तो संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने विद्यालय संचालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.

कक्षा में मोबाइल इस्तेमाल करने पर भी होगी कार्रवाई

बैठक में शिक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल को लेकर भी सख्त निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान यदि कोई शिक्षक वर्ग कक्ष में मोबाइल के साथ पाया जाता है, तो संबंधित शिक्षक और प्रधानाध्यापक पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. अधिकारियों ने शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुशासन का पालन करने पर जोर दिया.

किचन शेड की साफ-सफाई पर विशेष जोर

विद्यालयों में किचन शेड की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया. प्रधानाध्यापकों से कहा गया कि विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

कमजोर बच्चों के लिए लगेंगी विशेष कक्षाएं

बैठक में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान कार्यक्रम की भी समीक्षा की गयी. पढ़ाई में कमजोर सभी छात्र-छात्राओं की पहचान कर उनके लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया. विशेष कक्षा में पहले एक घंटे हिंदी और दूसरे एक घंटे गणित की पढ़ाई कराने की बात कही गयी.

गुरु गोष्ठी में कई प्रधानाध्यापक रहे मौजूद

बैठक में आलोक मिश्रा, सिकंदर कुमार, सत्येंद्र नारायण मिश्रा, घनश्याम पाण्डेय, गजाला, प्रवीण, सिंधु शर्मा, अभिषेक शुक्ला, दीपशिखा, प्रिया सिंह सहित कई प्रधानाध्यापक मौजूद रहे.

ALSO READ : कैमूर में शौच के लिए घर से निकले 81 साल के व्यक्ति की पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >