भगवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट :
Kaimur News: आगामी 16 जून को विश्व प्रसिद्ध माता मुंडेश्वरी मंदिर में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां चरम पर हैं. इसी कड़ी में शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी सत्य प्रकाश शनिवार की शाम जिले के कई आला अधिकारियों की टीम को लेकर अचानक माता मुंडेश्वरी धाम पहुंचे. यहां उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और आयोजन स्थल का बेहद बारीकी से निरीक्षण किया, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिए.
डीएम ने हेलीपैड स्थल का लिया जायजा
डीआईजी सत्य प्रकाश ने सबसे पहले कैमूर के डीएम नितिन कुमार सिंह और एसपी हरिमोहन शुक्ला समेत कई अन्य आला अधिकारियों को साथ लेकर मोकरी-मुंडेश्वरी पथ पर सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड स्थल का जायजा लिया. इसके बाद अधिकारियों की टीम पर्यटन विभाग के नए धर्मशाला के ठीक बगल में तैयार किए जा रहे मुख्य आयोजन स्थल और वहां बन रहे भव्य पंडाल का निरीक्षण करने पहुंची.
सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मुख्य आयोजन स्थल पर आम लोगों के पहुंचने वाले रास्तों का गहन अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता के आने-जाने वाले रास्तों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बहाल की जाए. सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोई कसर न रहे, इसके लिए आयोजन स्थल और उसके संपर्क मार्गों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का सख्त निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया. डीआईजी ने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचने वाली आम पब्लिक की वजह से सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन की सख्ती से तैयारी की जाए.
दर्शन-पूजन से लेकर पार्किंग तक का हुआ पर्यवेक्षण
डीआईजी सत्य प्रकाश ने धाम परिसर में वाहनों की पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के बाद के रूट का पर्यवेक्षण किया. उन्होंने देखा कि हेलीपैड से उतरकर मुख्यमंत्री सीधे माता मुंडेश्वरी धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे और उसके बाद किस रूट से मुख्य आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे. इस पूरे रूट चार्ट का बारीकी से मिलान किया गया. डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं से भी कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
धार्मिक न्यास के सचिव से भी हुई अहम बातचीत
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के अवसर पर डीएम और एसपी के साथ-साथ एसडीएम अमित कुमार, एसडीपीओ अनिकेत कुमार, हेड क्वार्टर के डीएसपी, डीएसपी (आर), स्थानीय थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे. इसी क्रम में डीआईजी सत्य प्रकाश ने मौके पर ही मौजूद मुंडेश्वरी धार्मिक न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह से भी विशेष वार्ता की. उन्होंने आयोजन से संबंधित अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए वीआईपी मूवमेंट के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया.
Also Read : कैमूर में सीएम सम्राट चौधरी के मुंडेश्वरी मंदिर दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक
