Kaimur News: कैमूर जिले के लिए आज (मंगलवार) का दिन बेहद खास होने जा रहा है. मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद पहली बार सम्राट चौधरी कैमूर जिले के दौरे पर आ रहे हैं. जहां वह प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद सहयोग शिविर में शामिल होंगे. साथ ही एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
जानकारी के अनुसार , मुख्यमंत्री के इस दौरे में जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने वाली है. कुल 196 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.
162 करोड़ से 20 योजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान 162.69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 20 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इन योजनाओं में मुख्य रूप से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. इनका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा और जिले की आधारभूत संरचना मजबूत होगी. लंबे समय से लंबित परियोजनाओं के पूरा होने से लोगों में उत्साह का माहौल है.
33 करोड़ की 40 योजनाओं का शिलान्यास
इसके अलावा मुख्यमंत्री 33.36 करोड़ रुपये की लागत से 40 नई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. इन योजनाओं के तहत सड़क निर्माण, शैक्षणिक संस्थानों का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और अन्य विकास कार्य शामिल हैं. इन नई परियोजनाओं से आने वाले समय में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा.
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य को मिलेगा बढ़ावा
इस दौरे का मुख्य फोकस जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है. सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की रफ्तार तेज करने के लिए कई योजनाएं लाई गई हैं, जिससे गांव-शहर के बीच का अंतर कम होगा.
कार्यक्रम का शेड्यूल
| 09.50 बजे | पटना से कैमूर जिला के लिए प्रस्थान |
| 10.30 बजे | पहड़िया पंचायत स्थित मुण्डेश्वरी धर्मशाला के समीप स्थित हेलीपैड पर आगमन |
| 10.35 बजे | हेलीपैड से मां मुण्डेश्वरी माता के दर्शन हेतु मुण्डेश्वरी धाम के लिए प्रस्थान |
| 10.50 बजे | मां मुण्डेश्वरी धाम आगमन एवं माता मुण्डेश्वरी दर्शन |
| 11.15बजे | मां मुण्डेश्वरी धाम से मुण्डेश्वरी धर्मशाला के समीप स्थित सहयोग शिविर/सभा स्थल के लिए प्रस्थान |
| 11.30 बजे | सहयोग शिविर व स्टॉल का निरीक्षण |
| 11.35 बजे | सभा स्थल पर आगमन योजनाओं का शिलान्यास / उद्घाटन |
| 11.50 बजे | सहयोग शिविर स्थल से संवाद स्थल मंच के लिए प्रस्थान |
| 11.55 बजे | संवाद स्थल स्थित मंच पर आगमन, चेक वितरण एवं जन संवाद |
| 12.25 बजे | संवाद स्थल मच से हेलीपैड हेतु प्रस्थान |
| 12.30 बजे | हेलीपैड पर आगमन एवं अगले गतव्य स्थल हेतु प्रस्थान |
सभा स्थल पर तैयारियां पूरी, भव्य पंडाल तैयार
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं. सभा स्थल पर भव्य और वाटरप्रूफ पंडाल का निर्माण किया गया है, जहां हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. गर्मी और बारिश को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं. कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन और CCTV से निगरानी
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पूरे कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन से निगरानी की जा रही है. बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं. हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, अधिकारियों को जिम्मेदारी
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यातायात व्यवस्था से लेकर भीड़ नियंत्रण तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
लोगों में उत्साह, विकास को लेकर बढ़ी उम्मीदें
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिले के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.लोगों को उम्मीद है कि इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र का तेजी से विकास होगा और बुनियादी सुविधाओं में सुधार आएगा. यह दौरा कैमूर जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
Also Read: बक्सर सदर अस्पताल में हंगामा, नशे में युवकों ने दारोगा से की बदसलूकी, दोनों गिरफ्तार
