‘हर घर तिरंगा’ अभियान की सफलता को लेकर बीडीओ विकास कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में 13 अगस्त को रामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित भव्य तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने यात्रा को सफल बनाने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं और लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनायी.
13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे निकलेगी तिरंगा यात्रा
राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नौ से 17 अगस्त तक चलाया जा रहा है. बैठक में बताया गया कि 13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे रामगढ़ नगर पंचायत से तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी. यात्रा सूर्य मंदिर, गोड़सरा से शुरू होकर दुर्गा चौक और अंबेडकर चौक तक जायेगी.
दशरथ तिवारी की प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण
तिरंगा यात्रा वापसी के दौरान दुर्गा चौक से देवहलिया रोड होते हुए स्वतंत्रता सेनानी दशरथ तिवारी की प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगी. यहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा. इसके बाद तिरंगा यात्रा वापस लौटेगी. प्रशासन की ओर से यात्रा के रूट और कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
पुलिस संभालेगी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था
बैठक में अंचलाधिकारी विकेश कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार, प्राचार्य पवन कुमार सिंह और थानाध्यक्ष सुमित कुमार समेत प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे. यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रखने की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन को सौंपी गयी है.
युवाओं और विद्यार्थियों से भाग लेने की अपील
बीडीओ विकास कुमार ने अधिकारियों और संबंधित कर्मियों को तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. उन्होंने क्षेत्रवासियों, युवाओं और विद्यार्थियों से भी यात्रा में शामिल होकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की. जनप्रतिनिधियों और प्रखंड स्तरीय समितियों को भी निर्धारित समय पर कार्यक्रम में शामिल होने का निर्देश दिया गया है.
घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील
बैठक के अंत में अधिकारियों ने लोगों से नौ से 17 अगस्त तक अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की. साथ ही राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर को भी भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया गया.
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगा अभियान
अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है. तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जायेगा.
ALSO READ: PHOTOS: Gen X से Gen Beta तक, पीढ़ियों के ये नाम आए कहां से? X, Y, Z के बाद Alpha और Beta क्यों
