भभुआ सदर. पटना में आयोजित प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में कैमूर बालिका टीम ने पटना जैसी मजबूत टीम को 3-0 से हरा दिया. जबकि, अंडर 14 बालक फुटबॉल में कैमूर ने पटना को 2-0 से हराया. वहीं, अंडर 14 बालिका फुटबॉल के फाइनल में वाक ओवर मिलने से कैमूर की महिला टीम को विजेता घोषित किया गया. उधर, तीरंदाजी अंडर 19 बालक वर्ग में कैमूर के हर्ष कुमार सिंह ने उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया. अंडर 17 बालिका फुटबॉल में कैमूर की महिला खिलाड़ी नैना कुमारी और नीतू कुमारी ने गोल किया, जबकि अंडर 14 बालक फुटबॉल में जैद अंसारी और गोलू कुमार ने कैमूर को विजेता बनाने में सहयोग किया. तीरंदाजी सहित बालक-बालिका फुटबॉल टीम के विजेता बनने पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ओम प्रकाश कुमार, एथलीट कोच दिलीप कुमार पटेल, योगाचार्य डॉ तुलसी प्रसाद सिंह, शारीरिक शिक्षक रमेश कुमार सिंह,रणजीत कुमार, पप्पू कुमार, योगेंद्र कुमार, फुटबॉल कोच गुदरी शर्मा ने जीत की बधाई के साथ खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
