चैनपुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में विद्युत विभाग की टीम ने छापेमारी कर बिना वैध कनेक्शन के आटा चक्की संचालित करने का मामला पकड़ा है. मामले में सहायक विद्युत अभियंता संतन कुमार कौशल ने चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. विभाग ने बिजली चोरी से 2,79,486 रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान लगाते हुए जुर्माना लगाया है.
गुप्त सूचना पर विद्युत विभाग ने की छापेमारी
सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि सूचना मिली थी कि गाजीपुर गांव निवासी स्वर्गीय नथुनी बिंद के पुत्र रमेश कुमार बिना वैध विद्युत कनेक्शन के आटा चक्की मिल चला रहे हैं. सूचना के बाद छापेमारी दल का गठन किया गया और रमेश कुमार के औद्योगिक परिसर में जांच की गयी.
जांच में पकड़ी गयी बिजली चोरी
जांच के दौरान आटा चक्की को बिना वैध विद्युत कनेक्शन के संचालित करते हुए पाया गया. विभाग ने इसे बिजली चोरी का मामला मानते हुए कार्रवाई शुरू की.
2.79 लाख रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान
विभाग के अनुसार, बिजली चोरी से साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 2,79,486 रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान लगाया गया है. मामले में भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी
सहायक विद्युत अभियंता संतन कुमार कौशल ने कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है. अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी छापेमारी जारी रहेगी.
