Kaimur Crime : कैमूर के अधौरा थाना क्षेत्र के लेवा गांव में भूत-प्रेत का आरोप लगाकर 65 वर्षीय महिला मुराही देवी की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालिका को भी निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
भूत-प्रेत के आरोप में महिला की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को ग्रामीणों ने सूचना दी कि लेवा गांव में 65 वर्षीय मुराही देवी की हत्या कर दी गयी है. सूचना का सत्यापन करने के बाद मृतका के बेटे अवध लाल सिंह, पिता नट्टू सिंह, के फर्द बयान पर अधौरा थाना कांड संख्या 69/26 दर्ज किया गया.
पांच लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप
मृतका के बेटे ने पुलिस को दिये फर्द बयान में लेवा गांव निवासी लीलावती देवी, नंदन सिंह, प्रवेश सिंह, रमेश सिंह और कबूतरी कुमारी पर मुराही देवी के साथ मारपीट करने और पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने बयान के आधार पर सभी को मामले में नामजद अभियुक्त बनाया है.
एसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर अधौरा थानाध्यक्ष अतवेंद्र कुमार ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की.
दो महिलाएं गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ी गयी
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए लेवा गांव निवासी स्व. रामबली सिंह की पत्नी लीलावती देवी और सोनभद्र, उत्तर प्रदेश के माची थाना क्षेत्र के सुवरसोत गांव निवासी स्व. रामवृक्ष सिंह की बेटी कबूतरी उर्फ सुजाता कुमारी को गिरफ्तार किया. इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालिका को भी निरुद्ध किया गया है.
गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार दोनों महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, विधि-विरुद्ध बालिका के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
पुलिस कर रही मामले की आगे की जांच
मुराही देवी की हत्या को लेकर पुलिस सभी आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है. नामजद अन्य आरोपितों की भूमिका को लेकर भी पुलिस कार्रवाई में जुटी है. पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
ALSO READ : PHOTOS: Gen X से Gen Beta तक, पीढ़ियों के ये नाम आए कहां से? X, Y, Z के बाद Alpha और Beta क्यों
