घर में आग लगने से दो बाइक, दो लाख रुपये व सामान राख

# दीपावली की तैयारी में जुटे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

# दीपावली की तैयारी में जुटे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मोहनिया शहर. स्थानीय थाना क्षेत्र के छोटकी देवकली गांव में सोमवार की रात अचानक आग लगने से एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया. इस अगलगी की घटना में दो मोटरसाइकिल, नकद दो लाख रुपये सहित करीब चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी. पीड़ित सरदार माली पिता स्वर्गीय रामाधार माली ने बताया कि उनका घर गांव में है और वे पास में ही जीबी होटल की बगल में समोसे की दुकान चलाते हैं. सोमवार की शाम दीपावली की पूजा को लेकर सभी लोग दुकान पर पूजा करने गये थे और घर में ताला लगा हुआ था, उसी दौरान रात करीब नौ बजे गांव के लोगों ने सूचना दी कि घर में आग लग गयी है. सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य पूजा छोड़ कर घर पहुंचे, तो देखा कि आग की लपटों ने पूरे घर को घेर लिया है. ग्रामीणों ने किसी तरह सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था. सरदार माली ने बताया कि घर बनाने के लिए उन्होंने भैंस बेचकर और स्वयं सहायता समूह से लोन लेकर दो लाख रुपये जुटाये थे, जो घर में रखे थे और वह भी जलकर राख हो गये. आग में दो मोटरसाइकिल, बिस्तर, कपड़े और घरेलू सामान भी नष्ट हो गये हैं. परिजनों ने बताया कि पूजा के बीच हादसे की खबर मिलते ही सभी लोग दौड़ कर घर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >