कुदरा में जिंदा लोगों को सरकारी रिकॉर्ड में किया मृत घोषित

वार्ड दो लालापुर में दो लाभार्थी कागजों में मृत, खुद को जिंदा साबित करने को मजबूर

वार्ड दो लालापुर में दो लाभार्थी कागजों में मृत, खुद को जिंदा साबित करने को मजबूर डाटा इंट्री की चूक या सिस्टम की बड़ी लापरवाही. प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल कुदरा. सरकारी व्यवस्था की बड़ी लापरवाही का चौंकाने वाला मामला कुदरा नगर पंचायत के वार्ड दो लालापुर से सामने आया है, जहां जिंदा दो व्यक्तियों को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया है. मृत घोषित किये गये लोगों में महेंद्र पाल व नाथ पाल शामिल हैं, जो अब खुद को जिंदा साबित करने के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं. दरअसल यह मामला उस समय उजागर हुआ, जब सरकार द्वारा चलाये जा रहे वृद्धा पेंशन के केवाइसी अभियान के तहत दोनों लाभार्थी केवाइसी कराने साइबर कैफे पहुंचे. वहां साइबर कर्मी ने सिस्टम की जांच करने के बाद बताया कि सरकारी पोर्टल पर दोनों व्यक्तियों की स्थिति “मृत” दर्ज है, इसलिए केवाइसी संभव नहीं है. यह सुनते ही दोनों के पैरों तले जमीन खिसक गयी. इसके बाद दोनों सीधे कुदरा प्रखंड कार्यालय पहुंचे और संबंधित कर्मियों को इसकी पूरी जानकारी दी गयी. शिकायत के बाद कर्मियों द्वारा आधार कार्ड सहित कई जरूरी कागजात भी जमा कराये गये, लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है. सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि बिना किसी भौतिक जांच या सत्यापन के किसी जिंदा व्यक्ति को मृत कैसे घोषित कर दिया गया. क्या यह डाटा इंट्री की गलती है या किसी कर्मचारी की गंभीर लापरवाही. अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर चूक पर कितनी तेजी से सुधार करता है और जिम्मेदार कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होती है, या फिर जिंदा लोग यूं ही खुद को जिंदा साबित करने के लिए दफ्तरों की धूल फांकते रहेंगे. इस संबंध में पीड़ित राम नाथ पाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का नियम अजीब है. जो जिंदा है उसे मृत घोषित कर दिया जा रहा है और जो सच में मृत है उसकी जांच नहीं हो रही. हम जिंदा हैं, फिर भी खुद को जिंदा साबित करने के लिए दफ्तरों का चक्कर काट रहे हैं. उन्होंने बताया कि जब केवाइसी के लिए साइबर में गये, तब मालूम हुआ कि हमें मृत घोषित कर दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >