हाइवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी लड़की

एसपी आवास के पीछे मचा हड़कंप, शहर के वार्ड सात में टावर पर चढ़ी लड़की

एक सप्ताह में दूसरी बार जिले में मोबाइल के टावर पर चढ़ने का सामने आया मामला = लड़की को उतारने में एक घंटे तक चला पुलिस व लड़की के बीच हाइप्रोफाइल ड्रामा प्रेमी से शादी के आश्वासन के बाद मोबाइल टावर से उतरी प्रेमिका एसपी आवास के पीछे मचा हड़कंप, शहर के वार्ड सात में टावर पर चढ़ी लड़की भभुआ कार्यालय. कैमूर जिले में प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल के टावर पर चढ़ने का मामला लगातार सामने आ रहा है. एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार जिले में प्रेमी से शादी करने को लेकर मोबाइल टावर पर लड़की के चढ़ने का मामला सामने आया है. मंगलवार की दोपहर भभुआ शहर के वार्ड सात में एसपी के आवास के पीछे मोबाइल टावर पर एक नाबालिग लड़की चढ़ गयी. लड़की को मोबाइल टावर पर देख स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. मौके पर जब पुलिस पहुंची तो लड़की ने बताया कि वह जिस लड़के से प्रेम करती है, उसी से शादी करना चाहती है. लेकिन, घर वाले इसका विरोध कर रहे हैं. अगर उसकी शादी उसके प्रेमी के साथ नहीं करायी जाती है, तो वह टावर से नहीं उतरेगी और टावर से कूद कर जान दे देगी. टावर पर चढ़ी लड़की किसी भी कीमत पर पुलिस के कहने पर नीचे उतरने को तैयार नहीं थी. करीब एक घंटे तक पुलिस द्वारा काफी मशक्कत की गयी और लड़की को काफी समझाया-बुझाया गया, जिसके बाद लड़की प्रेमी से शादी कर देने के आश्वासन पर नीचे उतरी. उसके बाद पुलिस उसे तत्काल अपने कब्जे में लेकर थाने ले गयी. इस घटनाक्रम के दौरान लोगों की भारी भीड़ वहां पर एकत्रित हो गयी. पुलिस और लड़की के बीच में संवाद चल रहा था. इस बीच स्थानीय लोगों की लगी भीड़ भी लड़की को टावर से नीचे उतरने का आग्रह कर रही थी. यह ड्रामा लगभग एक घंटे तक चलता रहा और स्थानीय लोगों द्वारा इस मोबाइल में कैद किया जा रहा था. लड़की को सुरक्षित मोबाइल टावर से उतार लिया गया है. पुलिस अपने कब्जे में उसे थाने ले गयी है. ऐसा नहीं है कि यह कैमूर जिले में प्रेमिका के टावर पर चढ़ने का कोई पहला मामला है. पांच दिनों पहले दुर्गावती प्रखंड में भी अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर एक लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गयी थी और वहां भी करीब तीन से चार घंटे तक हाइप्रोफाइल ड्रामा चलता रहा. लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गयी थी. काफी मशक्कत के बाद पुलिस लड़की को समझा-बुझकर किसी तरह नीचे उतरवाया था. उसे घटना का एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि भभुआ शहर में एक नया मामला मंगलवार को देखने को मिला.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >