आवासीय विद्यालय व छात्रावासों की सुरक्षा व साफ-सफाई पर दें विशेष ध्यान

=एसडीएम ने बीडब्लूओ व विकास मित्रों के साथ बैठक कर दिया निर्देश

=एसडीएम ने बीडब्लूओ व विकास मित्रों के साथ बैठक कर दिया निर्देश भभुआ सदर. मंगलवार को एसडीएम भभुआ अमित कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में भभुआ अनुमंडल अंतर्गत कार्यरत सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (बीडब्लूओ) व विकास मित्रों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में आवासीय विद्यालयों, कल्याण छात्रावासों व सामुदायिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी संचालन व निगरानी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी. बैठक के दौरान एसडीएम ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आवासीय विद्यालय व कल्याण छात्रावासों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये. उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी बीडब्लूओ नियमित रूप से निरीक्षण करते रहें और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें. अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है. इस कार्य में सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संबंधित अंचल कार्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र उपयुक्त भूमि चिह्नित कराना सुनिश्चित करेंगे, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से प्रारंभ किया जा सके. बैठक के दौरान एसडीएम ने विकास मित्रों की भूमिका की भी समीक्षा की. उन्होंने सभी विकास मित्रों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास रजिस्टर को नियमित रूप से अद्यतन रखें और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति एवं लाभुकों से संबंधित सूचनाओं का सही संधारण सुनिश्चित करें. बैठक में इसके अतिरिक्त सभी संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने व जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >